जयपुर ग्रामीण के युवा सबसे फिट: कर्नल राज्यवर्धन

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 05 अप्रैल 2019, 9:54 PM (IST)

जयपुर। केन्द्रीय मंत्री और सांसद जयपुर ग्रामीण कर्नल राज्यवर्धन ने आज फुलेरा विधानसभा में भाजपा के मण्डल कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए कहा आप सभी पार्टी की शान और मजबूती हो, आप लोग लम्बे समय से पार्टी से जुडे हुए हो आपकी मेहनत के बल पर ही आज पार्टी इतने ऊंचे मुकाम तक पहुंची है।

भारतीय जनता पार्टी एक राष्ट्रवादी विचारधारा वाली पार्टी है। इसका हर एक कार्यकर्ता राष्ट्र निर्माण और राष्ट्र उत्थान के लिए कार्य करता है। भाजपा का कार्यकर्ता विपरीत परिस्थितियों में भी अपने सिद्धांतो पर अडिग रहता है, इसलिए हमें ऐसी पार्टी का सदस्य होने पर गर्व है। 2014 में देश ने मोदी जी के रूप में एक नये नेतृत्व को चुना।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

इस मजबूत नेतृत्व के कारण आज देश में बहुत बड़ा बदलाव देखने को मिला है। देश आज हर क्षेत्र में प्रगति कर रहा है, भ्रष्टाचार मुक्त हो रहा है, जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जनता को मिल रहा है। विश्व में देश का सम्मान बढ़ा है।

उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी की सरकार में देश का पैसा चोरी नही हो सकता, देश के पैसे का सही उपयोग होने से आज देश में हर तरफ विकास दिखाई देता है। प्रधानमंत्री जी ने लोकतंत्र को बेहतर बनाने का जिम्मा उठाया है इसके अंतर्गत स्वास्थ्य, विद्युत, पेयजल, सड़क, कृषि, आवास आदि सुविधाएं लोगों को आसानी से प्राप्त हो इसकी व्यवस्था हो इसपर विशेष ध्यान दिया गया है।

देश के विकास की गति को निरन्तर बनाए रखने के लिए मोदी जी को पुनः प्रधानमंत्री बनाना आवश्यक है। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक निर्मल कुमावत भी उनके साथ रहे।

कर्नल राज्यवर्धन ने कहा पिछले पांच वर्षों में जयपुर ग्रामीण ने हर क्षेत्र में विकास किया है। यहां पर खेलों के विकास के लिए 17 मिनी स्टेडियों के निर्माण का पैसा दिया जा चुका है और सभी का कार्य प्रगति पर है। इसके अलावा 3 इंडोर स्टेडियमों का कार्य प्रगति पर है।

17 फिटनेस सेन्टर खोले जा रहें है, 16 ओपन जिम लगाए जा चुके है 30 ओर लगाए जाऐंगे जिससे जयपुर ग्रामीण का युवा मजबूत बनेगा और देश भी मजबूत होगा। जयपुर ग्रामीण लोकसभा में पिछले तीन वर्षों से लगातार जयपुर महाखेल का भव्य आयोजन किसा जा रहा है जिसमें जयपुर युवक एवं युवतियों ने बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया।

इन सभी आयोजनों और संसाधनों से जयपुर ग्रामीण के युवाओं में खेलों के प्रति उत्साह बढ़ा है जिससे युवा फिट रहेंगे। उन्होंने कहा जयपुर जिले में 6 साल से रूकी हुई सेना भर्ती को शुरू करवाया और 2014 से यह लगातार प्रतिवर्ष हो रही है।

जयपुर ग्रामीण की सभी ग्राम पंचायतों, वार्डों और नगरपालिका क्षेत्रों में सांसद कोष से विकास कार्यों के लिए धनराशि दी गई है। इसके अलावा केन्द्र एवं राज्य सरकार की अनेक योजनाओं से क्षेत्र में विकास कार्य करवाए है। कर्नल राजयवर्धन ने आज फुलेरा विधानसभा क्षेत्र में नरेना शहर, नरेना देहात, फुलेरा शहर, सांभर, एवं फुलेरा दक्षिण मण्डल भाजपा पदाधिकारी, मण्डल अध्यक्ष, बूथ अध्यक्ष एवं कार्यकर्ताओं से संवाद और क्षेत्र में जनसंपर्क किया।

इस दौरान अनेक स्थानों पर स्थानीय जनता और भाजपा कार्यकर्ताओं ने कर्नल राज्यवर्धन का माला और साफा पहनाकर स्वागत किया।