BJP ने घोषित किए उम्मीदवार, आजमगढ़ से निरहुआ को अखिलेश के खिलाफ उतारा

www.khaskhabar.com | Published : बुधवार, 03 अप्रैल 2019, 5:32 PM (IST)

आजमगढ। लोकसभा चुनावों की तारीखों के ऐलान के साथ ही सियासी सरगर्मिय तेज हो गई हैं। सभी सियासी पार्टियों में सितारों की एंट्री भी तेजी से हो रही हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को यूपी की सीटों रायबरेली, मैनपुरी, आजमगढ़ और फिरोजाबाद के लिए अपने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की। भाजपा ने मछलीशहर सुरक्षित सीट से बीपी सरोज को प्रत्याशी बनाया है।

बीजेपी में भोजपुरी सुपरस्टार दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ ने एंट्री ली। पार्टी ने उन्हें आजमगढ़ से टिकट भी दिया है। बता दें, यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव भी आजमगढ़ सीट से मैदान में हैं। निरहुआ का मुकाबला समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव से होगा।

इसके अलावा, रायबरेली से दिनेश प्रताप सिंह, मैनपुरी से प्रेम सिंह और फिरोजाबाद चंद्रसेन जादुन को उम्मीदवार बनाया है। रायबरेली से सोनिया गांधी कांग्रेस की उम्मीदवार हैं। रायबरेली में भाजपा ने दिनेश प्रताप सिंह को उम्मदीवार बनाया है। दिनेश कांग्रेस के एमएलसी हैं और वह कुछ महीनों पहले भाजपा में शामिल हो गए।

रायबरेली में आयोजित भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की रैली में वह पार्टी में शामिल हुए थे। इनके एक भाई राकेश प्रताप सिंह बछरावां सीट से भाजपा विधायक हैं जबकि दूसरे भाई अवधेश प्रताप सिंह रायबरेली के जिला पंचायत अध्यक्ष हैं।

बता दें, निरहुआ ने हाल ही में बीजेपी में शामिल हुए है। पार्टी में शामिल होने के बाद उन्होंने माया-अखिलेश गठबंधन पर हमला बोला था। उन्होंने सपा-बसपा गठबंधन को ‘बोल बच्चन’ करार दिया था। उन्होंने कहा था, ‘देश के लिए कुछ करने की तमन्ना थी, इसीलिए राजनीति में आया हूं। प्रधानमंत्री मोदी द्वारा किए जा रहे विकास से प्रेरणा लेकर भाजपा से जुड़ा हूं। इससे पहले कई पार्टियों में कलाकार के रूप में प्रचार कर चुका हूं। पहली बार किसी राजनीतिक दल से जुड़ा हूं। देशहित में जो काम कर रहा है, उससे जुडऩे में गर्व महसूस हो रहा है।’

ज्ञात हो कि आजमगढ़ सीट से समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव मौजूदा सांसद है। उन्होंने बीजेपी के रमाकांत यादव को 63204 वोटों से हराया था। हालांकि, तब बीएसपी के शाह आलम को 2,66,528 वोट हासिल हुए थे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे