एक महिला SPO को आतंकवादियों ने गोली मारी, सुरक्षा बलों ने पूरे क्षेत्र को घेरा

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 16 मार्च 2019, 3:50 PM (IST)

श्रीनगर। जम्मू और कश्मीर के शोपियां जिले के वेहिल इलाके में शनिवार को एक महिला विशेष पुलिस अधिकारी (एसपीओ) की आतंकवादियों ने गोली मारकर हत्या कर दी है।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि बंदूकधारियों ने महिला एसपीओ खुशबू जान पर शनिवार को दोपहर करीब पौने तीन बजे को गोली मारकर हत्या कर दी। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि खुशबू को संदिग्ध आतंकवादियों ने उसके घर पर गोली मार दी। वह पुलिस के लिए कार्य कर रही थी।

घटना के बाद सेना, पुलिस के विशेष अभियान ग्रुप और सीआरपीएफ ने पूरे क्षेत्र को घेर लिया और हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

आपको बताते जाए कि गत 3 दिन के दौरान दक्षिणी कश्मीर में यह आतंकियों की तरफ से की गई तीसरी हत्या बताई जा रही है।

पुलवामा जिले के अवंतीपोरा क्षेत्र के गुलजारपोरा में गुरुवार देर रात मंजूर अहमद लोन की हत्या कर दी थी। लोन को घर से जबरन उठाकर आतंकी ले गए और निकटवर्ती गुलजारपोरा में गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। बुधवार को पुलवामा जिले में सेना के एक पूर्व जवान की गोली मारकर हत्या भी कर दी थी।