केन्द्रीय मंत्री कर्नल राज्यवर्धन का बानसूर दौरा, भाजपा कार्यकर्ताओं से किया संवाद

www.khaskhabar.com | Published : गुरुवार, 14 मार्च 2019, 9:24 PM (IST)

जयपुर। केन्द्रीय मंत्री एवं सांसद जयपुर ग्रामीण कर्नल राज्यवर्धन ने गुरुवार को बानसूर में भाजपा कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक राष्ट्रवादी विचारधारा वाली पार्टी है। इसका हर एक कार्यकर्ता राष्ट्र निर्माण और राष्ट्र उत्थान के लिए कार्य करता है इसलिए हमें ऐसी पार्टी का सदस्य होने पर गर्व है। आप लोगों से मिले प्रेम की शक्ति से ही जयपुर ग्रामीण विकास के पथ पर लगातार आगे बढ़ रहा है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि भविष्य में मुझे आपसे ओर अधिक प्रेम मिलेगा जिससे आपका सैनिक भाई आपके लिए मजबूती से लड़ता रहेगा।

कर्नल राज्यवर्धन ने कहा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने देश हित में बडे-बडे़ फैसले लिए है जिनके परिणामस्वरूप पूरे विश्व में देश का मान-सम्मान बढ़ा है। इसी प्रकार सरकार की जन कल्याणकारी योजनाएं आज घर-घर पहुंच रही और जनता को इनका लाभ मिल रहा है। प्रत्येक क्षेत्र में देश प्रगति कर रहा है। आज देश आतंक को करारा जवाब दे रहा है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

देश की इसी मजबूती और विकास की गति को बनाए रखने के लिए हमें लोकसभा चुनाव में राजस्थान की सभी 25 सीटों पर भाजपा को विजयी बनाकर मोदी जी को ओर अधिक मजबूती से पुनः सत्ता में लाना है।

जनता से झूठे वादे करके प्रदेश की सत्ता में आई कांग्रेस को हमें लोकसभा चुनाव में सबक सिखाना होगा। उन्होंने कहा यह चुनाव अच्छाई और बुराई के बीच एक जंग है, जिसमें अच्छाई की विजय होगी और नरेन्द्र मोदी जी ही पुनः प्रधानमंत्री बनेंगे। इस जंग के लिए सभी कार्यकर्ता समर्पण भाव और कर्तव्यनिष्ठा से तैयार है। इस अवसर पर सभी भाजपा कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर मोदी की सत्ता में वापसी का संकल्प लिया।

कर्नल राज्यवर्धन ने आज बानसूर में नारायणपुर मण्डल, नीमूचाना मण्डल और रामपुर मण्डल के भाजपा कार्यकर्ताओं से संवाद के दौरान यह बात कही इसके अलावा उन्होंने कहा लोकसभा क्षेत्र में बानसूर की एक अलग पहचान है। बानसूर वीरों की भूमि है, यहां के युवा हमेशा से देश की सेना में जाकर देश की रक्षा कर रहें है।

खेलों में भी बानसूर के युवा अपनी पहचान बना रहें है। हाल ही में जयपुर महाखेल 2019 में बानसूर के खिलाडि़यों का अच्छा खासा दबदबा रहा। बानसूर किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं है। कर्नल राज्यवर्धन नें नारायणपुर मण्डल स्थित राधाकृष्ण मंदिर में प्रार्थना कर जयपुर ग्रामीण परिवार की सुख समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

कार्यक्रमों के दौरान कार्यकर्ताओं ने अपने सांसद का साफा और माला पहनाकर जोरदार स्वागत किया। भाजपा नेता महेन्द्र यादव सहित भाजपा पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उनके साथ रहे।