मुंबई ब्रिज हादसा : रेलवे बोला ये पुल BMC का, कांग्रेस ने हादसे पर उठाए सवाल

www.khaskhabar.com | Published : गुरुवार, 14 मार्च 2019, 8:47 PM (IST)

मुंबई। सीएसटी रेलवे स्टेशन के पास फुटओवर ब्रिज गिर गया है। हादसे में कई लोग हताहत हो गए और दो महिलाओं सहित तीन लोगों की जान चली गई। वहीं हादसे के बाद इसपर राजनीति भी शुरू हो गई है। ब्रिज गिरने के बाद रेलवे का बयान आया है। रेलवे ने कहा है कि ये ब्रिज रेलवे का नहीं है। ब्रिज पर बीएमसी का हक है। इसलिये हादसे की जिम्मेदारी बीएमसी को लेनी चाहिये। एआईएमआईएम और कांग्रेस ने इस हादसे के बाद बीएमसी पर ठीकरा भोड़ा है। कांग्रेस ने कहा कि पुल जब इतना जर्जर था तो बीएमसी ने इसका इलाज क्यों नहीं कराया।

हादसे के बाद मुंबई में कई जगह लंबा जाम
बताया जा रहा है कि घायलों को सेंट जॉर्ज और जीटी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। वहीं हादसे के बाद यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया है। जगह-जगह लंबे जाम लगने की खबर है। ये ब्रिज CSMT रेलवे स्टेशन से जुड़ता है। मलबे से 7 से 8 लोगों को निकाला गया है। बता दें CSMT रेलवे स्टेशन जाना माना स्टेशन है। ये ब्रिज आजाद मैदान को CSMT रेलवे स्टेशन से जोड़ता है। चश्मदीद के मुताबिक जब ब्रिज गिरा था तो वहां पर कई लोग मौजूद थे। इसके अलावा कई गाड़ियां भी ब्रिज के नीचे वहां मौजूद थीं।

15 लोग अभी मलबे में दबे
बताया जा रहा है कि अब भी 15 लोग मलबे में दबे हुए हैं। इनको निकालने के लिए NDRF की टीम घटनास्थल के लिए रवाना हो गई है। मध्य रेलवे के पीआरओ एके जैन ने कहा कि CSMT स्टेशन के बाहर बने फुटओवर ब्रिज का एक हिस्सा गिर गया है? यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। हालांकि यह रेलवे का फुटओवर ब्रिज नहीं है। यह पब्लिक फुटओवर ब्रिज है. इस हादसे से रेलवे ट्रैफिक प्रभावित नहीं हुआ है।


ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे