जेकेके में 26 मार्च से शुरू होगा भारत की संस्कृति पर आधारित ’ऑक्टेव 2019’, देखें तस्वीरें

www.khaskhabar.com | Published : गुरुवार, 14 मार्च 2019, 3:31 PM (IST)

जयपुर। उत्तरी पूर्वी भारत के हस्तशिल्प उत्पादों की प्रदर्शनी एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों पर आधारित ’ऑक्टेव 2019’ का आयोजन जवाहर कला केन्द्र (जेकेके) के शिल्पग्राम में 26 मार्च से 30 मार्च तक किया जायेगा।

जवाहर कला केन्द्र (जेकेके) और उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक केन्द्र पटियाला के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्घाटन 26 मार्च को सायं 6 बजे होगा। यह अभूतपूर्व कार्यक्रम सांस्कृतिक मंत्रालय के ऑक्टेव योजना के तहत आयोजित किया जा रहा है, जिसमें कुल 350 कलाकार एवं 80 दस्तकार अपनी कला एवं हस्तशिल्प कला का प्रदर्शन करेंगे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

सांस्कृतिक कार्यक्रम
सांस्कृतिक कार्यक्रम में उत्तरी पूर्वी क्षेत्र के 8 राज्यों - अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, मणिपुर, मिजोरम, नागालैण्ड, सिक्किम, आसाम एवं त्रिपुरा के लोक कलाकार प्रस्तुति देंगे। इसमें उत्तरी पूर्वी क्षेत्र के 2 शास्त्रीय प्रस्तुतियां सतरीया एवं मणिपुर रास की प्रस्तुति भी होगी। सांस्कृतिक संध्या सायं 6.30 बजे आरम्भ होगी।

हस्तशिल्प उत्पादों की प्रदर्शनी
हस्तशिल्प उत्पादों की प्रदर्शनी में विजिटर्स के लिये उत्तर पूर्व के लगभग 40 हस्तशिल्प उत्पाद (हैण्डीक्राफ्टस्) देखने एवं बिक्री के लिए उपलब्ध होंगे। क्राफ्ट की दुकानें सायं 3.00 बजे से प्रारम्भ होंगी।

उल्लेखनीय है कि जयपुर में उत्तरी पूर्वी क्षेत्र के कलाकारों का संभवतया यह प्रथम विशाल आयोजन होगा। इस कार्यक्रम में प्रवेश निःशुल्क होगा तथा प्रवेश गेट नंबर 3 से होगा।