2019 चुनाव : कांग्रेस और ममता को झटका, दो बड़े नेता हुए भाजपा में शामिल

www.khaskhabar.com | Published : गुरुवार, 14 मार्च 2019, 2:06 PM (IST)

नई दिल्ली। 17वीं लोकसभा के लिए अप्रैल-मई में सात चरणों में चुनाव होगा। इससे पहले राजनीतिक हलचल काफी बढ़ गई है। दल-बदल भी जोरों पर है। असंतुष्ट नेता अपनी पार्टी छोड़ दूसरी पार्टी का दामन थामने में लगे हुए हैं।

इसी सिलसिले में गुरुवार को कांग्रेस और बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के दो प्रमुख नेता भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए। केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद की उपस्थिति में कांग्रेस नेता और प्रवक्ता टॉम वडक्कन ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

उन्होंने इस मौके पर कहा कि यह विचारधारा नहीं बल्कि देश प्रेम की बात है। पीएम मोदी के विकास के नजरिए और उनके द्वारा किए गए प्रयासों व मेहनत से मैं काफी प्रभावित हूं। कांग्रेस पार्टी के लिए मैंने अपनी जिंदगी के 20 साल दिए हैं लेकिन वंशवाद की राजनीति ने सब खराब कर दिया। पुलवामा हमले के बाद कांग्रेस के स्टैंड से मैं दुखी हूं।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

भाटपाड़ा से टीएमसी के विधायक अर्जुन सिंह ने भी भाजपा की सदस्यता ले ली। वे नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में भाजपा के पश्चिम बंगाल प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय और मुकुल रॉय की उपस्थिति में भाजपा में शामिल हुए। अर्जुन चार बार के विधायक हैं। मंगलवार को टीएमसी के सांसद अनुपम हाजरा भी भाजपा से जुड़ गए थे। भाजपा ने बंगाल में पिछले आम चुनाव में 42 में से सिर्फ दो लोकसभा सीटें जीती थीं।