TMC ने 40.5% महिलाओं को दिया टिकट, मुनमुन सेन को आसनसोल से उतारा

www.khaskhabar.com | Published : मंगलवार, 12 मार्च 2019, 6:03 PM (IST)

नई दिल्ली। लोकसभा चुनावों से पहले पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री एवं तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष ममता बनर्जी ने लोकसभा चुनावों के लिए बड़ा दांव खेला है। तृणमूल कांग्रेस आगामी चुनावों में अपनी पार्टी से 40.5 प्रतिशत महिलाओं को टिकट देगी।

टीएमसी सुप्रीमो ममता बनर्जी ने मंगलवार को इसकी घोषणा की। उन्होंने कहा कि यह उनके लिए गौरवशाली क्षण है। इसके पहले ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक लोकसभा चुनावों में अपनी पार्टी से 33 प्रतिशत महिला उम्मीदवारों को टिकट देने का फैसला कर चुके हैं।

ममता ने बीजेपी पर साधा निशाना...
ममता बनर्जी ने तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवारों की सूची घोषित करते हुए कहा कि छह मौजूदा सांसद 2019 का लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे, वे संगठन के लिए काम करेंगे। ममता ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस ओडिशा, असम, झारखंड, बिहार और अंडमान की सीटों पर भी चुनाव लड़ेगी।

उन्होंने कहा कि हमारे पास सूचनाएं हैं कि मतदाताओं के बीच पैसे बांटने के लिए वीवीआईपी हेलिकॉप्टर, चार्टर्ड विमानों का इस्तेमाल पैसा पहुंचाने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मैं राफेल मामले में पूरी तरह राहुल गांधी के साथ हूं, बीजेपी सच बोलने पर एन राम जैसे पत्रकारों को धमका रही है।

मुनमुन सेन की लोकसभा सीट में किया बदलाव...

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

मुनमुन सेन की लोकसभा सीट में किया बदलाव...
टीएमसी सुप्रीमो ममता बनर्जी ने बैठक के बाद कहा कि पार्टी ने आसनसोल से अभिनेत्री मुनमुन सेन, अभिनेत्री सताब्दी रॉय को बीरभूम, इस्लामपुर से कनाईलाल अग्रवाल, अलीपुर दुआर्स से दशरथ तिर्की, कूच बिहार से परेश अधिकारी, दार्जिलिंग से अमर रॉय और कृष्णानगर से महुआ मैत्री को उम्मीदवार बनाया है। बता दें कि अभिनेत्री मुनमुन सेन 2014 में बांकुरा से सांसद बनी थीं। इस बार उनकी सीट में बदलाव किया गया है। लोकसभा चुनाव में पश्चिम बंगाल एक अहम राज्य बनकर उभरा है। वहीं, बीजेपी ने राज्य में टीएमसी को चुनौती देने के लिए पूरा जोर लगा दिया है।

गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा हो चुकी है। पश्चिम बंगाल में सात चरणों में चुनाव होने जा रहे हैं। राज्य में लोकसभा की 42 सीटे हैं। यहां तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के बीच टक्कर मानी जा रही है। यहां सात चरणों में चुनाव कराने पर तृणमूल कांग्रेस ने सवाल खड़े किए थे जिस पर लगातार सियासी बयानबाजी देखने को मिली थी।

लोकसभा चुनाव की घोषणा से कुछ घंटे पहले ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने महिलाओं को लेकर बड़ी घोषणा की थी। उन्होंने घोषणा करते हुए कहा था कि आम चुनाव में उनकी पार्टी बीजू जनता दल (बीजेडी) 33 फीसदी टिकट महिलाओं को देगी। एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने यह बात कही थी।