ईनामी डकैत सहित दो नकबजन गिरफ्तार, दो दर्जन चोरी की वारदात का खुलासा

www.khaskhabar.com | Published : रविवार, 10 मार्च 2019, 8:51 PM (IST)

जयपुर। बारह वर्षों से फरार ईनामी डकैत सहित दो शातिर नकबजनों को चित्रकुट थाना पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार किया है। चोरी का माल खरीदने वाले तीन बदमाशों को भी पुलिस ने दबोचा है। पुलिस पूछताछ में दो दर्जन से अधिक चोरी की वारदातों का खुलासा हुआ है। पुलिस आरोपितों से पूछताछ कर माल बरामदगी के प्रयास के साथ अन्य वारदातों के खुलासे के प्रयास में जुटी है।

पुलिस आयुक्त आनन्द कुमार श्रीवास्वत ने बताया कि बढ़ती चोरी व नकबजनी के वारदातों को देखते हुए चित्रकुट थाना एसएचओ विरेन्द्र सिंह के नेतृत्व में एएसआई हरबेन्द्र सिंह, कांस्टेबल संदीप सिंह, सुनिल कुमार, राकेश कुमार, जंग बहादुर और तकनीकी शाखा के कांस्टेबल मुकेश कुमार की टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने आसूचनाएं एकत्र कर नकबजनी में फरार डकैत गोपाल योगी के वारदातों का अंजाम देना सामने आया।

पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर रविवार को डकैत गोपाल योगी उर्फ लालू (48) निवासी गांव सरसैना टोडाभीम करौली के साथ ही उसके साथी नकबजन मलखान सिंह गुर्जर (35) निवासी गांव घोडारोक की ढाणी बांदीकुई दौसा और सोनू उर्फ सोहन जोगी (37) निवासी गिरधरपुरा बसवा दौसा को गिरफ्तार किया। 12 वर्षों से फरार डकैत गोपाल योगी बांदीकुई, केकड़ी, गंगापुर सिटी, बस्सी, भिण्डर उदयपुर, विराटनगर, कानोता, मण्डावर, हिण्डौन, बयाना, महुवा थाने में दर्ज प्रकरण व पुलिस पर फायरिंग के मामले में फरार है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

बांदीकुई में बेचा चोरी का माल - पूछताछ में आरोपितों ने दो दर्जन से अधिक चोरी व नकबजनी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है। चोरी का माली आरोपितों ने बांदीकुई, गुढाकटला व अन्य जगह बेचना बताया। जिनकी निशानदेही पर चोरी का माल खरीदने वाले सत्यप्रकाश उर्फ रिंकू (36) व मनमोहन सोनी (55) निवासी वार्ड नंबर-16 बांदीकुई और गोपाल सोनी (23) निवासी गुढाकटला बसवा दौसा को गिरफ्तार किया।

वारदात के लिए चौपहिया वाहन से दिन में रैकी करते थे, जिसके बाद रात को वारदात को अंजाम देते। चोरी की रकम से जुआ, सट्टा व रंगरेलिया मनाते थे। आरोपित मलखान सिंह गुर्जर ने चोरी के माल से मिले रकम से अपने गांव में मकान निर्माण शुरू किया और सोनू जोगी ने नई स्वीट डिजायर कार खरीदी थी। गिरफ्त में चढ़े दोनों नकबजन महेश नगर व बजाज नगर थाने में चोरी के मामले में पूर्व में गिरफ्तार हो चुके है।