MP - देश में चुनाव शहजादे को गद्दी पर बिठाने के लिए नहीं : शाह

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 02 मार्च 2019, 6:54 PM (IST)

उमरिया। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने एक बार फिर इशारों में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि देश में चुनाव किसी परिवार के शहजादे को गद्दी पर बिठाने के लिए नहीं, बल्कि 50 करोड़ गरीब परिवारों के जीवन में नया प्रकाश लाने के लिए होना चाहिए।

मध्य प्रदेश के उमरिया में शनिवार को विजय संकल्प बाइक महारैली का शुभारंभ करते हुए शाह ने महागठबंधन को ठगबंधन करार देते हुए कहा कि सारी पार्टियां जाति, धनबल, बाहुबल, परिवारवाद व तुष्टिकरण के आधार पर चुनाव लड़ती हैं। लेकिन भाजपा लोकसंपर्क के आधार पर चुनाव लड़ती है। जब सरकार में रहें तब जनकल्याण और जब चुनाव में जाएं, तो जनसंपर्क ही भाजपा का तरीका है।


किसी की उम्र बढ़ रही है और उसे पीएम बनना है
उन्होंने कहा कि जनसंपर्क के दौरान लोगों को यह बताना चाहिए कि चुनाव का मुद्दा क्या है, या फिर चुनाव क्यों होना चाहिए? क्या चुनाव सिर्फ इसलिए होना चाहिए कि किसी की उम्र बढ़ रही है और उसे प्रधानमंत्री बनना है? या सिर्फ इसलिए होना चाहिए कि कोई परिवार अपने शहजादे को गद्दी पर बिठाना चाहता है। क्या चुनाव इसलिए होना चाहिए कि कोई अपने परिवार को फिर से सत्ता में लाना चाहता है? उन्होंने कहा कि चुनाव देश के लिए होना चाहिए।


भाजपा का मानना है कि चुनाव देश के 50 करोड़ गरीबों के जीवन में नया प्रकाश लाने के लिए होना चाहिए। चुनाव देश के अर्थतंत्र को गति देने के लिए होना चाहिए। चुनाव देश को महाशक्ति बनाने के लिए होना चाहिए। चुनाव देश के गौरव को बढ़ाने के लिए होना चाहिए। चुनाव देश की सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए होना चाहिए, चुनाव पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब देने के लिए होना चाहिए।


देश को सुरक्षित कौन रख सकता है?
भाजपा अध्यक्ष ने देश की सुरक्षा से लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपलब्धियों तक का जिक्र करते हुए कहा, देश को सुरक्षित कौन रख सकता है? देश के सम्मान और इसके गौरव को कौन बढ़ा सकता है? देश को दुनिया की सबसे तेज बढ़ती अर्थव्यवस्था और एक महाशक्ति कौन बना सकता है? क्या 23 पाॢटयों का महागठबंधन ये काम कर सकता है?


इन सभी सवालों का एक ही जवाब है और वो है प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी। इसलिए देश की सुरक्षा और उसके स्वाभिमान के लिए सभी कार्यकर्ता नरेंद्र मोदी को एक बार फिर देश का प्रधानमंत्री बनाने का संकल्प लें।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे