दिल्ली कैपिटल्स ने लॉन्च की नई जर्सी, कप्तान श्रेयस अय्यर ने कहा...

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 23 फ़रवरी 2019, 6:55 PM (IST)

नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की टीम दिल्ली कैपिटल्स ने लीग के 12वें संस्करण के शुरू होने से पहले शनिवार को अपनी नई आधिकारिक जर्सी लांच की। टीम की नई जर्सी लाल और नीले रंग की है। लाल रंग आक्रामकता, ऊर्जा, जुनून, शक्ति और दृढ़ संकल्प को दर्शाता है, जबकि नीला रंग गहराई, स्थिरता, ज्ञान, आत्मविश्वास और विश्वास को दशार्ता है। दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने इस अवसर पर कहा कि हम दिल्ली की नई जर्सी पहनने में बहुत गर्व महसूस करते हैं।

ब्रांड का नया रूप इस सीजन में खिताब जीतने की हमारी नई उम्मीदों को पूरा करता है। दिल्ली की टीम से जुड़े हर किसी के लिए यह एक रोमांचक समय है। मुझे यकीन है कि प्रशंसक नए नीले और लाल रंग में टीम का समर्थन करना पसंद करेंगे। दिल्ली कैपिटल्स ने जर्सी लॉन्च के मौके पर वीडियो भी जारी किया, जिसमें टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को चुनौती देते नजर आ रहे हैं।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

दिल्ली कैपिटल्स ने इस वीडियो को ट्विटर पर भी पोस्ट किया है। ट्विटर पर पोस्ट किए गए एक वीडियो के जरिए दिल्ली फ्रेंचाइजी की नई जर्सी को फैंस के सामने पेश किया गया है। वीडियो में दिल्ली की नई जर्सी पहने पंत चेन्नई के धोनी को चुनौती देते नजर आ रहे हैं जिसमें वे कह रहे हैं, माही भाई, तैयार हो जाओ, खेल दिखाने आ रहा हूं। 23 मार्च से शुरू हो रही लीग के 12वें संस्करण में दिल्ली को अपना पहला मुकाबला 24 मार्च को मुंबई इंडियंस से खेलना है।

ये भी पढ़ें - पाकिस्तान में शादी....... सानिया मिर्जा ने ट्रोल की ऐसे कर दी बोलती बंद