T20 क्रिकेट : श्रेयस ने तोड़ा पंत का रिकॉर्ड, पुजारा ने भी ठोका सैकड़ा

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 23 फ़रवरी 2019, 2:56 PM (IST)

इंदौर। श्रेयस अय्यर और चेतेश्वर पुजारा ने यहां खेले गए सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (टी20 टूर्नामेंट) के अलग-अलग मुकाबलों में बल्लेबाजी का जोरदार प्रदर्शन किया। श्रेयस ने गुरुवार को मुंबई की ओर से खेलते हुए सिक्किम के खिलाफ मात्र 55 गेंदों पर सात चौकों व 15 छक्कों की बदौलत 147 रन ठोक डाले। इसके साथ ही श्रेयस टी20 में सबसे बड़ा स्कोर बनाने वाले भारतीय बन गए।

इससे पहले यह रिकॉर्ड विकेटकीपर ऋषभ पंत (नाबाद 128) के नाम था। श्रेयस ने मीडियम पेसर ताशी भल्ला के एक ओवर में 35 रन जुटाए। श्रेयस ने टी20 की एक पारी में सर्वाधिक छक्के लगाने का भारतीय रिकॉर्ड भी बना लिया। ओवरऑल वे क्रिस गेल के साथ चौथे स्थान पर आ गए। भारत की ओर से यह कीर्तिमान मुरली विजय (11 छक्के) के नाम था।

मुंबई के ही सूर्यकुमार यादव ने 33 गेंदों पर 63 रन जुटाए। मुंबई ने 20 ओवर में 258/4 रन बनाए। यह भारत में तीसरा और किसी भी तरह के टी20 क्रिकेट में सातवां सबसे बड़ा स्कोर है। जवाब में सिक्किम की टीम सात विकेट पर 104 रन ही बना सकी और मुंबई 154 रन से जीत गया।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

इंदौर में गुरुवार को ही खेले गए एक अन्य मैच में पुजारा का जलवा देखने को मिला। रेलवे के खिलाफ इस मैच में सौराष्ट्र के पुजारा ने 61 गेंदों पर 14 चौकों व एक छक्के की मदद से नाबाद 100 रन बनाए। पुजारा 12 साल से टी20 खेल रहे हैं और यह उनका इस फॉर्मेट में पहला शतक है। सौराष्ट्र ने तीन विकेट पर 188 रन बनाए। हालांकि पुजारा की यह पारी बेकार गई और रेलवे ने दो गेंद पहले पांच विकेट खोकर लक्ष्य पा लिया।

ये भी पढ़ें - पाकिस्तान में शादी....... सानिया मिर्जा ने ट्रोल की ऐसे कर दी बोलती बंद