PAK के नापाक इरादों को नहीं होने देंगे कामयाब: तंवर

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 15 फ़रवरी 2019, 9:32 PM (IST)

चंडीगढ़। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद डॉ. अशोक तंवर ने जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले में वीरवार को सीआरपीएफ के काफिले पर हुए आतंकवादी हमले में शहीद हुए 42 जवानों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और घायल हुए लगभग 50 जवानों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

उन्होंने इस आतंकवादी हमले की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि पाकिस्तान ऐसे कायरतापूर्ण आतंकवादी हमले करवा कर हमारे देश की शांति और अमनचैन को भंग करना चाहता है परंतु उसके इन नापाक इरादों को कामयाब नहीं होने दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्र सबसे पहले है और भारत की एकता और अखण्डता हमारे लिए सर्वोपरी है। आतंकवाद के खिलाफ भारत एक था, एक है और एक रहेगा, देश की रक्षा से कोई समझौता बर्दाश्त नहीं किया जायेगा।

डॉ. अशोक तंवर के नेतृत्व में आज पार्टी के सैंकड़ों कार्यकत्र्ताओं द्वारा पुलवामा में शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि देने के लिए चंडीगढ़ के सैक्टर 17 में कैंडल मार्च निकाला गया। इस दौरान कांग्रेसजनों में काफी आक्रोश देखने को मिला और वे सब मिलकर लगातार ‘पाकिस्तान मुर्दाबाद’ के नारे लगा रहे थे। इस अवसर पर बोलते हुए डॉ. तंवर ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी सहित सारा विपक्ष आतंकवाद से निपटने के लिए सरकार के साथ खड़ा हैं और आतंकवाद को भारतवर्ष से उखाड़ फैंकने के लिए हम एकजुट हैं।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

उन्होंने कहा कि पिछले 20 वर्षों में यह सबसे बड़ा आतंकवादी हमला है और इसकी जितनी भी निंदा की जाये कम है। उन्होंने कहा कि कई आतंकवादी संगठनों को पाकिस्तान और उसकी एजेंसी आईएसआई का पूरा संरक्षण प्राप्त है और ये ऐसी बुरी ताकतें हैं जो न सिर्फ भारत में बल्कि पूरे विश्व में ऐसे कायराना हमलों को अंजाम देते आये हैं।

उन्होंने कहा कि ऐसे आतंकवादी संगठनों का पूर्णतया सफाया करने की लड़ाई में कांग्रेस पार्टी भाजपा सरकार के साथ है। पाकिस्तान की शह पर पिछले लगभग पांच सालों में हमारे जवानों व आम नागरिकों पर बेहिसाब आतंकवादी हमले हुए हैं जिसमें हमारे लगभग 500 जवान शहीद हो चुके हैं और 300 के करीब आम नागरिकों को अपनी जान से हाथ धोना पड़ा है।

डॉ. तंवर ने मोदी सरकार से मांग की है कि ऐसे कायराना आतंकवादी हमलों को रोकने के पुख्ता इंतजाम किए जायें और पाकिस्तान को उसी की भाषा में जवाब दिया जाये। इस अवसर पर सभी कांग्रेसजनों ने दो मिनट का मौन रख कर एक बार पुन: शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि भेंट की और घायल जवानों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने पीडि़त परिवारों के साथ भी अपनी गहरी संवेदना प्रकट की।