स्वच्छता में अच्छा कार्य करने वाले सफाई कर्मचारियों का होगा सम्मान

www.khaskhabar.com | Published : मंगलवार, 12 फ़रवरी 2019, 4:38 PM (IST)

जयपुर। नगर निगम स्वच्छता के क्षेत्र में जयपुर शहर में अच्छा कार्य करने वाले सफाई कर्मचारियों, अधिकारियों, संस्थाओं आदि को स्वच्छता पुरस्कार से सम्मानित करेगा। इसके अतिरिक्त शहर की स्वच्छता में महत्वपूर्ण भूमिका वाले संस्थान यथा होटल, रेस्टोरेंट्स, हॉस्पिटल, मैरिज गार्डन कॉलोनी, बाजार, सब्जी मंडी, स्कूल, कोचिंग इंस्टीट्यूट, अपार्टमेंट्स आदि को भी यह पुरस्कार दिए जाएंगे।

स्वच्छ सर्वेक्षण-2019 के नोडल अधिकारी विनोद पुरोहित ने बताया कि प्रत्येक कैटेगरी में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कारों के अलावा समस्त प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदत किए जाएंगे। प्रत्येक वार्ड से 10 सफाई कर्मचारियों सहित जोन से तीन सफाई निरीक्षक, निगम के पांच मुख्य सफाई निरीक्षक एवं सफाई कार्य में नियोजित अन्य कर्मचारियों एवं अधिकारियों का भी सम्मान किया जाएगा।

इन पुरस्कारों में प्रथम तीन कॉलोनी, बाजार एवं सब्जी मंडियों में क्रमशः 51, 21 एवं 11 लाख रूपये के विकास कार्य करवाए जाएंगे। नगर निगम ने इसके लिए 10 बिंदुओं का एक सर्वे प्रपत्र तैयार किया है। स्वच्छता पुरस्कार के लिए आवेदन करने वाले को इन 10 बिंदुओं के संबंध में सही जानकारी देनी होगी। इस जानकारी के आधार पर स्वच्छता पुरस्कारों का चयन होगा। विनोद पुरोहित ने बताया कि यह पुरस्कार नगर निगम की ओर से फरवरी के अंतिम सप्ताह में एक भव्य सार्वजनिक समारोह आयोजित कर वितरित किए जाएंगे, जिससे जयपुर शहर में स्वच्छता में किए जा रहे प्रयासों को प्रोत्साहन मिलेगा।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे