PM ने भूपेन हजारिका और गोपीनाथ के बहाने साधा कांग्रेस पर निशाना

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 09 फ़रवरी 2019, 3:07 PM (IST)

अमिनगांव। लोकसभा चुनाव नजदीक है और इसी को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के विभिन्न हिस्सों में जाकर एक बार फिर सरकार बनाने के लिए मजबूत दावेदारी पेश कर रहे हैं। इसी क्रम में मोदी आज से उत्तर पूर्वी राज्यों के दौरे पर हैं। वे पहले अरुणाचल प्रदेश पहुंचे और फिर असम। असम में भी मोदी ने विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।

मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि बीसी और एडी यानि बिफोर कांग्रेस और आफ्टर डायनेस्टी का ही गौरवगान करने वालों से मैं आज यहां से पूछना चाहता हूं कि आखिर आपने भारत के सच्चे रत्नों को न पहचानने का कुटिल खेल दशकों तक क्यों खेला। आखिर ऐसा क्यों रहा कि कुछ लोगों के लिए जन्म लेते ही उनके लिए भारत रत्न तय हो जाता था और देश के मान-सम्मान के लिए जिन्होंने जीवन लगा दिया उनको सम्मानित करने के लिए दशक लग जाते थे।

आज मुझे गर्व है कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार के समय ही असम के दो सपूतों, गोपीनाथ बोरदोलोई और भुपेन हजारिका को भारत रत्न देने का काम किया गया है। ये पूरा देश देख रहा है कि चौकीदार की चौकसी से कैसे भ्रष्टाचारी बौखलाए हुए हैं और सुबह-शाम मोदी-मोदी के नाम की रट लगाए हुए हैं।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

असम और उत्तर पूर्व के लोगों के साथ मेरा विशेष लगाव है। आपका स्नेह और आशीर्वाद मेरे लिए बहुत महत्वपूर्ण है। जितना अधिकार आपका मुझ पर है, उतना ही दायित्व मेरा भी आपके प्रति है। नागरिकता संशोधन का विषय सिर्फ असम या नॉर्थ ईस्ट से जुड़ा नहीं है, बल्कि देश के अनेक हिस्सों में मां भारती पर आस्था रखने वाली ऐसी संताने हैं, ऐसे लोग हैं जिनको अपनी जान बचाकर भारत आना पड़ा है।

चाहे वो पाकिस्तान से आए हों, अफगानिस्तान से आए हों या फिर बांग्लादेश से, ये वर्ष 1947 से पहले भारत का ही हिस्सा थे, जब आस्था के आधार पर देश का विभाजन हुआ। हमसे अलग हुए देशों में जो अल्पसंख्यक यानि हिंदू, सिख, जैन, बौद्ध पारसी और ईसाई, वहां रह गए थे उनको संरक्षण देना हमारा दायित्व है।