देश से एक-एक घुसपैठिए को निकाला जाएगा : अमित शाह

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 08 फ़रवरी 2019, 10:33 PM (IST)

महराजगंज। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष अमित शाह ने शुक्रवार को एक बार फिर राम मंदिर का मुद्दा उठाया और कहा कि भाजपा सरकार जल्द से जल्द श्रीराम मंदिर बनाने के लिए कटिबद्ध है। शाह शुक्रवार को महाराजगंज में गोरखपुर क्षेत्र के बूथ अध्यक्ष सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने लोकसभा चुनाव में यूपी से 74 प्लस सीट जीतने का दावा किया। वहीं राम मंदिर, आरक्षण, घुसपैठ और तीन तलाक के मसले पर बुआ-भतीजा और राहुल बाबा (बसपा मुखिया मायावती, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी) को निशाने पर लिया।

शाह ने कहा कि बुआ व भतीजा के कार्यकाल में मच्छर व माफिया परेशान करते थे। जब से भाजपा की सरकार बनी है, दोनों गायब हो गए हैं। उन्होंने कहा कि घुसपैठिए बुआ-भतीजे के लिए वोटबैंक हो सकते हैं। अगर फिर से मोदी सरकार आयी तो देश से एक-एक घुसपैठिए को निकाला जाएगा

उन्होंने कांग्रेस को निशाने पर लिया और कहा कि भाजपा वंशवाद के आधार पर नहीं चलती है, हमारी पार्टी लोकतंत्र के आधार पर चलती है। सभी पार्टियों में अकेली भारतीय जनता पार्टी ही ऐसी है जहां जीत का आधार उसके नेता नहीं बल्कि बूथ के अध्यक्ष होते हैं। भाजपा का एक सामान्य कार्यकर्ता भी पार्टी का अध्यक्ष बन सकता है और चाय बेचने वाला भी प्रधानमंत्री बन सकता है।

उन्होंने गोरखपुर में कई विकास कार्यों को गिनाते हुए केंद्र की मोदी और प्रदेश की योगी सरकार की तारीफ की और प्रदेश में योगी सरकार बनने के बाद माफिया यहां से पलायन कर गए हैं। उन्होंने कहा कि सपा-बसपा के राज में उत्तर प्रदेश में निजाम का राज था, मुख्यमंत्री योगी की सरकार ने प्रदेश को उनसे मुक्ति दिलाने का काम किया है। जिन्होंने मिलकर यहां टेररिज्म का कॉरिडोर बनाया था। लेकिन योगी सरकार आते ही हमने इनके इस कॉरिडोर को उखाड़ फेंकने का काम किया है। उन्होंने कहा कि सपा-बसपा ने प्रदेश में टैररिज्म कारीडोर बनाया था, हमने डिफेंस कारीडोर बनाया है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

शाह ने केंद्र सरकार की बात करते हुए कहा कि देश के अंदर घुसपैठियों को हटाने का काम मोदी सरकार ने शुरू किया तो कांग्रेस, सपा, बसपा विरोध में आ गए। ये घुसपैठिए बुआ-भतीजे के लिए वोटबैंक हो सकते हैं, लेकिन हमारे लिए देश की सुरक्षा ही सबसे बड़ी है।

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार एनआरसी लेकर आई है। जिससे असम में 40 लाख घुसपैठियों को चिह्नित करके बाहर निकालने की शुरुआत हुई है। 2019 में फिर से मोदी सरकार आयी तो कश्मीर से कन्याकुमारी, असम से गुजरात और उत्तर प्रदेश से उत्तराखंड तक एक-एक घुसपैठिए को निकाला जाएगा। शाह यही नहीं रुके और कहा कि वर्षों से देश के पिछड़ा, अति पिछड़ा और ओबीसी वर्ग लगातार संवैधानिक मान्यता के लिए संघर्ष करते रहे, लेकिन कांग्रेस, सपा, बसपा राजनीति करती रहीं। भाजपा ने इन पिछड़ा व अति पिछड़ा समाज के बोर्ड को संवैधानिक मान्यता देने का काम किया है।

राम मंदिर की बात करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा रामजन्म भूमि पर जल्द से जल्द श्री राम मंदिर बनाने के लिए कटिबद्ध है। श्रीराम जन्मभूमि न्यास ने पीएम मोदी को 42 एकड़ जमीन वापस दिलाने का आवेदन किया था। मोदी जी ने बिना देर किए भूमि वापस दिलाने का फैसला लिया। भाजपा उसी स्थान पर श्रीराम मंदिर बनाने के लिए कटिबद्ध है। लेकिन बुआ, भतीजा और राहुल गांधी राम मंदिर पर अपना स्टैंड देश की जनता के सामने साफ करें।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि हम मुस्लिम महिलाओं को उनका अधिकार देने के लिए ट्रिपल तलाक पर कानून लाए। लेकिन कांग्रेस माइनॉरिटी के अध्यक्ष ने कहा कि हम आएंगे तो ट्रिपल तलाक को फिर से ले आएंगे। उन्होंने कहा कि यह देश इस तरह से नहीं चलेगा, हर महिला को सम्मान का अधिकार है। अब कांग्रेस सपने देखते रहे। न इनको वापस आना है और न ट्रिपल तलाक वापस आएगा।

--आईएएनएस