शिक्षा मंत्री ने किया देश के पहले ‘राजीव गांधी करियर पोर्टल’ का लोकार्पण

www.khaskhabar.com | Published : बुधवार, 06 फ़रवरी 2019, 6:00 PM (IST)

जयपुर। शिक्षा मंत्री गोविन्द सिंह डोटासरा ने बुधवार को शिक्षा संकुल में स्कूली शिक्षा के अंतर्गत पहले ‘राजीव गांधी करियर पोर्टल’ का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि राजस्थान सरकार की रोजगारोन्मुखी शिक्षा के क्षेत्र में यह बड़ी पहल है। इसके तहत कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए कैरियर मार्गदर्शन, विभिन्न प्रवेश परीक्षाओं, स्कॉलरशिप्स, रोजगार पाठ्यक्रमों के बारे में विद्यार्थियों को महत्त्वपूर्ण ऑनलाईन जानकारियां मिल सकेगी। यूनिसेफ के सहयोग से तैयार यह पोर्टल पूरे देश में राजस्थान में ही सबसे पहले तैयार किया गया है।

शिक्षा मंत्री ने ‘राजीव गांधी पोर्टल’ लोकार्पण के साथ ही शिक्षा विभाग में ‘राजीव गांधी कैरियर काउंसलिंग’ सेेल गठन किए जाने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि देश में सूचना और संचार प्रौद्योगिकी (आई.टी.) की पहल पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी ने ही की थी। इसलिए उनके नामकरण पर ही करियर पोर्टल और सेल गठित की गई है। उन्होंने बताया कि राजीव गांधी करियर पोर्टल और करियर सेल विद्यार्थियों को रोजगारोन्मुखी शिक्षा और भविष्य के लिए कोर्स चयन में मदद करने के साथ ही इसकी उपयोगिता और बच्चों की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए निरंतर अपने आपको अपडेट भी रखेगा।

उन्होंने ‘राजीव गांधी पोर्टल’ को प्रदेश के 23 लाख विद्यार्थियों के लिए सौगात बताते हुए कहा कि इससे विद्यार्थी भविष्य के लिए अपने आपको बेहतर रूप में तैयार कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के घोषणा पत्र के अनुरुप रोजगारोन्मुखी शिक्षा हमारी प्राथमिकता है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

डोटासरा ने बताया कि राजस्थान में वर्तमान सरकार ने रोजगारोन्मुखी शिक्षा की जो पहल की है, ‘राजीव गांधी करियर पोर्टल, उसी की परिणति है। उन्होंने बताया कि राजस्थान के विद्यार्थी शिक्षा के साथ-साथ वैश्विक आवश्यकताओं के अनुरूप भविष्य के लिए तैयार हो सके, इसे ध्यान में रखते हुए पोर्टल को लाभान्वित विद्यार्थी, बदलते परिवेश के अनुसार अपडेट भी किया जाएगा। उन्होंने पोर्टल के तहत हिन्दी और अंग्रेजी में समान रूप से रोजगारोन्मुखी जानकारियां दिए जाने के बारे में भी अवगत कराया।

शिक्षा मंत्री ने बताया कि ‘राजीव गांधी करियर पोर्टल’ के अंतर्गत कक्षा 9 से 12 के विद्यार्थी 200 से अधिक वोकेशनल, 237 से अधिक प्रोफेशनल कैरियर के बारे में जानकारियां प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा पोर्टल में 455 से अधिक रोजगार क्षेत्रों, देश के प्रमुख 10 हजार कॉलेजों, 960 स्कॉलरशिप और 955 से अधिक प्रवेश परीक्षाओं के बारे में ऑनलाईन जानकारी विद्यार्थी प्राप्त कर सकते हैं।

इस मौके पर यूनिसेफ की प्रमुख ईशाबेल ने बताया कि अनिवार्य शिक्षा अधिकार के लाइव विश्व के 14 देशों में विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा के जो अवसर है, उनके बारे में भी करियर पोर्टल में जानकारी दी गई है। उन्होंने कहा कि राजस्थान में राज्य सरकार के रोजगारोन्मुखी शिक्षा के प्रयासों को देखते हुए देशभर में इस राज्य का चयन किया गया है। प्रमुख शासन सचिव भास्कर सावंत ने ‘राजीव गांधी पोर्टल’ की प्रदेश के विद्यार्थियों के लिए महत्त्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इसके जरिए विद्यार्थियों के कौशल में वृद्धि हो सकेगी।