प्रधानमंत्री से मिलने आ रहे किसानों का धरना समाप्त, यहां जानें क्या हुआ

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 02 फ़रवरी 2019, 3:48 PM (IST)

नोएडा। डीएनडी फ्लाई-वे पर पिछली रात से चल रहा किसानों का धरना शनिवार दोपहर को स्थगित हो गया। जिलाधिकारी बीएन सिंह के लिखित आश्वासन के बाद किसानों ने अपना धरना स्थगित कर दिया । किसान नेता मनवीर तेवतिया ने बताया कि जिलाधिकारी बृजेश नारायण सिंह ने उन्हें लिखित में दिया है कि वह एक सप्ताह के अंदर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से किसानों की मुलाकात करवाएंगे। इसमें उनकी विभिन्न समस्याओं का निराकरण शीघ्र किया जाएगा।

सिंह ने आगे बताया कि डीएम ने उन्हें आश्वासन देते हुए कहा कि यमुना एक्सप्रेसवे विकास प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ 3 दिन के अंदर बैठक करके किसानों की समस्याओं का समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

तेवतिया ने बताया कि जिलाधिकारी के लिखित आश्वासन के बाद किसान नेता डीएनडी पर चल रहे धरने को समाप्त करके वापस लौट गए। जिलाधिकारी ने बताया कि किसानों की समस्याओं के समाधान का प्रयास होगा।

मालूम हो कि अपनी विभिन्न मांगों को लेकर उत्तर प्रदेश के कई जिलों के किसान शुक्रवार शाम से ही नोएडा व दिल्ली को जोडऩे वाले डीएनडी फ्लाईवे पर धरने पर बैठे थे। इस अवसर पर दिल्ली व उत्तर प्रदेश का भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।