बिहार चुनाव:छठे चरण में 62% वोटिंग

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 14 मई 2016, 12:31 PM (IST)

पटना। बिहार में 10 चरणों में हो रहे पंचायत चुनाव के तहत शनिवार को छठे चरण का मतदान छिटपुट घटनाओं को छोड़कर शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। इस चरण में 62 प्रतिशत से ज्यादा मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। बिहार राज्य निर्वाचन विभाग के एक अधिकारी के मुताबिक, छठे चरण के पंचायत चुनाव में राज्य के 37 जिलों के 58 प्रखंडों में 13,253 मतदान केंद्र बनाए गए थे। इस चरण में 63़09 लाख मतदाताओं में से करीब 62 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

बिहार पंचायत निर्वाचन 2016 के तीसरे चरण में जिला परिषद सदस्य के 125, पंचायत समिति सदस्य के 1,227, ग्राम पंचायत मुखिया व ग्राम कचहरी सरपंच के 903, ग्राम पंचायत सदस्य के 12,242 एवं ग्राम कचहरी पंच के 12,242 पदों के लिए मतदान कराया जा रहा है। इस चुनाव के तहत मतदाता तीन स्तरीय ग्रामीण प्रशासन संरचना के प्रतिनिधियों का चुनाव करेंगे।
शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से मतदान संपन्न कराए जाने के लिए सभी मतदान भवनों पर सशस्त्र बल की प्रतिनियुक्ति की गई है तथा 3,705 गश्ती दल टीम का गठन किया गया है।  पंचायत प्रणाली के जरिए जिला, ब्लॉक (प्रखंड) और ग्राम स्तर पर प्रतिनिधियों का चुनाव होता है।  राज्य में कई चरणों में होने वाला यह चुनाव 30 मई को संपन्न होगा।

(आईएएनएस)