सीएम गहलोत ने प्रदेश में खुशहाली के लिए त्रिपुरा सुन्दरी में की पूजा-अर्चना

www.khaskhabar.com | Published : सोमवार, 28 जनवरी 2019, 11:50 AM (IST)

बांसवाड़ा । प्रदेश के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बांसवाड़ा जिले के उमराई स्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ देवी त्रिपुरा सुन्दरी के दर्शन किए। मुख्यमंत्री ने पूजा अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली के लिए कामना की। यहां एक संक्षिप्त संबोधन में उन्होंने कहा कि देवी त्रिपुरा सुन्दरी से जनकल्याणकारी कार्यों को निर्बाध रूप से करने के लिए सामथ्र्य मांगा है ।

वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना

तलवाड़ा हवाई पट्टी से सीधे मन्दिर के गर्भगृह पहुंचे मुख्यमंत्री ने देवी त्रिपुरा सुंदरी के दर्शन किए। इस दौरान पं. निकुंज मोहन पंड्या, पं. दिव्य भारत पंड्या, राजेश त्रिवेदी आदि ने वैदिक मंत्रोच्चार की गूंज के बीच विधि-विधान से पूजा-अर्चना करवाई।

परंपरागत लोक वाद्ययंत्राें से किया स्वागत

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के त्रिपुरा सुन्दरी मन्दिर पहुंचने पर ग्रामीणों ने जनजाति अंचल के प्रसिद्ध ढोल, कुण्डी, थाली आदि परंपरागत लोकवाद्य यंत्र बजाकर स्वागत किया। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री का माल्यार्पण कर स्वागत किया। इस अवसर पर ग्रामीण युवाओं ने यशस्वी मुख्यमंत्री के नाम के जयकारे भी लगाए।

ट्रस्ट मण्डल ने किया अभिनन्दन

पूजा अर्चना उपरांत मुख्यमंत्री का त्रिपुरा सुन्दरी ट्रस्ट मण्डल की ओर से अभिनन्दन भी किया गया। मण्डल सदस्यों की ओर से मुख्यमंत्री को साफा बांधा गया। उनका माल्यार्पण कर त्रिपुरा सुन्दरी की छवि भेंट की गई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने संबोधित करते हुए कहा कि देवी की कृपा पूरे राजस्थान पर बनी रहे ऎसी कामना है। उन्होंने कहा कि जनता का स्नेह उन्हें प्राप्त हुआ है वह सदैव बना रहे। उन्होंने मण्डल सदस्यों द्वारा किए गए स्वागत के लिए भी आभार जताया।



ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

आमजन से मिलकर किया संवाद

मुख्यमंत्री देवी दर्शन व पूजा उपरांत मंदिर परिसर में मौजूद आमजन से भी पूरी संवेदनशीलता के साथ मिले और उनकी समस्याएं सुनी। बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों, किसान संगठनों के प्रतिनिधियों, प्रशिक्षित बेरोजगारों व अन्य लोगों ने अपनी समस्याओं के निराकरण के लिए मुख्यमंत्री को परिवेदनाएं भी सौंपी जिस पर उन्होंने इनके समाधान के लिए आश्वस्त किया।