प्रियंका पर सीएम योगी ने कसा तंज, कहा-जीरो प्लस जीरो का मतलब जीरो ही

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 25 जनवरी 2019, 10:10 PM (IST)

लखनऊ। उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रियंका गांधी वाड्रा की सियासी एंट्री पर बयान दिया है। योगी आदित्यनाथ ने प्रियंका गांधी के सक्रिय राजनीति में आने से आगामी लोकसभा चुनावों के नतीजों पर कोई असर नहीं पड़ेगा क्योंकि ‘जीरो प्लस जीरो हमेशा जीरो ही होता है। प्रियंका पहली बार राजनीति में नहीं आई हैं।’ योगी ने कहा, ‘2014 और 2017 के चुनाव में भी उन्होंने पार्टी का नेतृत्व किया था। कांग्रेस की उस समय बुरी हालत हुई थी। ऐसा ही इस बार भी होगा। बीजेपी पर इसका कोई असर नहीं पडऩे वाला।’

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सिर्फ विकास कार्यों पर ध्यान देती है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा और कहा, ‘अखिलेश सरकार सिर्फ घोषणा करती थी, हम काम करके दिखाते हैं। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में विकास कार्यों पर तेजी से काम किया जा रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लाखों लोगों को घर बना कर दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि 94 हजार लोगों को नि:शुल्क बिजली कनेक्शन दिए गए हैं।’

गौरतलब है कि प्रियंका गांधी को कांग्रेस का महासचिव बनाया गया है और उन्हें पूर्वी यूपी का प्रभार दिया गया है। यूपी पश्चिम का प्रभार ज्योतिरादित्य सिंधिया को दिया गया है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने इस मुद्दे पर कहा था कि उन्होंने अपनी बहन प्रियंका गांधी को यूपी में जीतने का लक्ष्य दिया है। दो दिन पहले, गांधी ने कहा था कि प्रियंका अब यूपी में कांग्रेस के सीएम का मार्ग प्रशस्त करेंगी। उन्होंने कहा था, ‘आज मैंने प्रियंका को यूपी का महासचिव बना दिया है, अब यहां कांग्रेस अपना सीएम बैठाने का काम करेगी, दिल्ली में कांग्रेस के गठबंधन की सरकार और यूपी में पूरे दम से कांग्रेस पार्टी लड़ेगी।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे