इंडोनेशिया में मूसलाधार बारिश से आई बाढ़, 59 लोगों की मौत

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 25 जनवरी 2019, 6:21 PM (IST)

जकार्ता। इंडोनेशिया में बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 59 हो गई है और अभी भी 25 लापता लोगों को खोजने के लिए तलाशी अभियान जारी है। यहां आपदा प्रबंधन विभाग के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन एजेंसी के प्रवक्ता सुतोटो पुर्वो नुग्रोहो ने कहा कि मूसलाधार बारिश से मंगलवार को बांध टूटने के बाद कम से कम 47 लोग घायल हो गए थे। बांध टूटने से दक्षिणी सुलावेसी प्रांत के 13 जिले प्रभावित थे।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, सुतोपो ने कहा कि 3,481 लोगों को उनके घरों से निकालना पड़ा। बाढ़ में धान के 11,433 हेक्टेयर खेत डूब गए हैं, नौ बड़े पुल, छह धार्मिक स्थान और 13 स्कूल ध्वस्त हो गए हैं। इंडोनेशिया में प्रतिवर्ष बारिश के मौसम में बाढ़ और भूस्खलन की तबाही आती है। यह मौसम दिसंबर से फरबरी तक चलता है।

पिछले साल सितंबर में आए शक्तिशाली भूकंप और सुनामी की तबाही से उबरने की कोशिश कर रहे सुलावेसी द्वीप में भारी बारिश और बाढ़ से स्थिति और गंभीर हो गई।

(आईएएनएस)

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे