प्रियंका के बाद कांग्रेस में शामिल होंगे भाई वरुण गांधी! राहुल ने दी ये प्रतिक्रिया

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 25 जनवरी 2019, 5:55 PM (IST)

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव 2019 को देखते हुए प्रियंका गांधी वाड्रा की यूपी की सियासत में एंट्री के बाद अब उनके चचेरे भाई वरुण गांधी की कांग्रेस में एंट्री को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। सियासी गलियारों में ये अटकलें तेज है कि वरुण भी कांग्रेस पार्टी में शामिल हो सकते हैं।

खबरों के अनुसार, वरूण गांधी बीजेपी को छोड़ कांग्रेस का दामन थाम सकते हैं, जिस पार्टी के आलाकमान से उनका पारिवारिक नाता है। वहीं दूसरी और ऐसा बताया जा रहा है कि वरुण गांधी बीजेपी नेतृत्व से खुश नहीं हैं वहीं प्रियंका से उनके रिश्तो में सुधार आया हैं। इस बारे में जब कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से भी सवाल किया गया, जो शुक्रवार को ओडिशा के दौरे पर हैं।

भुवनेश्वर में पत्रकारों ने जब उनसे पूछा कि क्या गांधी-नेहरू परिवार की मौजूदा पीढ़ी के सभी सदस्य साथ आने वाले हैं तो इस पर कुछ भी साफ-साफ कहने से बचते हुए उन्होंने सिर्फ इतना कहा, ‘मैंने इस तरह की अटकलों के बारे में नहीं सुना।’ साफ है कि राहुल ने वरुण के कांग्रेस से जुडऩे की अटकलों को खारिज नहीं किया।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

बता दे, कांग्रेस ने हाल ही में प्रियंका गांधी को यूपी में अहम जिम्मेदारी सौंपी हैं और इसी के बाद कयास लगाए जा रहे हैं कि वो वरुण को पार्टी में ला सकती हैं।

बहरहाल, कुछ दिनों पहले वरुण गांधी ने खुद साफ किया था कि वे कांग्रेस में शामिल नहीं हो रहे हैं। उन्होंने कहा था कि बीजेपी ने मेरा और मेरी मां का सम्मान किया हैं। वरुण की मां मनेका गांधी मोदी कैबिनेट में मंत्री हैं। बता दें, राहुल गांधी और वरुण गांधी के बीच रिश्ते खास नहीं रहे हैं। सोनिया-मनेका के के बीच रिश्ते बहुत अच्छे नहीं हैं।

लेकिन, वरुण ने रिश्ते सुधरने की कोशिश जरुर की है। वे 2011 में अपनी शादी का कार्ड खुद लेकर 10 जनपथ पहुंचे थे। यहां उन्होंने सोनिया गांधी को व्यक्तिगत अपनी शादी का न्यौता दिया था। हालांकि वरुण की शादी में सोनिया, राहुल या प्रियंका कोई भी नहीं पहुंचा था। वरुण फिलहाल यूपी में सुल्तानपुर से बीजेपी के टिकट पर लोकसभा सांसद हैं और उनकी मां मेनका गांधी प्रधानमंत्री नरेंद्र की सरकार में महिला एवं विकास मंत्री हैं।