ABP न्यूज और सी-वोटर का सर्वे, एनडीए की यूपी में घटेगी सीटें, यहां जानिए

www.khaskhabar.com | Published : गुरुवार, 24 जनवरी 2019, 10:06 PM (IST)

लखनऊ/दिल्ली। देश में लोकसभा चुनाव 2019 में तीन माह ही बाकी रह गए हैं। सत्ता प्राप्त करने के लिए सभी पार्टियों ने राजनीति गठजोड़ करना प्रारंभ कर दिया है। इसी बीच एबीपी न्यूज और सी-वोटर के सर्वे के अनुसार इस बार किसी भी पार्टी को बहुमत हासिल नहीं कर करेगी।

सर्वे के अनुसार, एनडीए को चुनावों में 233 सीटें मिल सकती हैं, जबकि यूपीए के खाते में 167 सीटें जा सकती हैं। वहीं अन्य पार्टियां 143 सीटों पर अपना परचम लहराएगी।

सर्वे के अनुसार, उत्तर प्रदेश में भाजपा को मिलने वाली सीटों की संख्या में भारी गिरावट देखने को मिल सकती है। यहां पर भाजपा को महज 24 सीटें ही जीतती दिखाई दे रही हंै। वहीं बीजेपी की सहयोगी अपना दल को मात्र 1 सीट ही मिल सकती है। कांग्रेस को इस बार प्रदेश में 4 सीटें मिलने के आसार हैं। इसका सबसे ज्यादा फायदा समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी के गठबंधन को होता दिखाई दे रहा है, जिन्हें 51 सीटें मिल सकती हैं।

बिहार में नीतीश कुमार के साथ में आने से भाजपा की स्थिति काफी बेहतर स्थिति बताई है। सर्वे के अनुसार बिहार में एनडीए को 35 सीटों पर जीत हासिल हो सकती है, जिसमें से बीजेपी को अकेले 15 सीटें मिलने का अनुमान बताया गया है । दूसरी ओर, महागठबंधन की झोली में महज 5 सीटें ही जाती दिखाई दे रही हैं। महागठबंधन में आरजेडी को 4 और कांग्रेस को 1 सीट पर जीत हासिल होती दिखाई दे रही हैं।

महाराष्ट्र में भाजपा और शिवसेना के बीच दरार का नुकसान एनडीए को उठाना पड़ जाएगा। सर्वे के अनुसार यहां पर एनडीए को 16 लोकसभा सीटें ही मिलेंगी, जबकि यूपीए इस बार जोरदार वापसी करते हुए 28 सीटों पर जीत दर्ज कर सकती हैं।

गुजरात में एनडीए को कोई नुकसान होता नहीं दिख रहा है। प्रदेश की 26 लोकसभा सीटों में से बीजेपी को 24 पर जीत हासिल हो सकती हैं, जबकि 2 सीटें कांग्रेस की झोली में जाती दिखाई दे रही हैं। पिछले चुनाव में बीजेपी ने यहां सभी की सभी सीटों पर जीत दर्ज की थी।


ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे


इसी तरह मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनावों के उलट बीजेपी के लिए लोकसभा चुनावों में स्थिति बेहतर नजर आ रही है। यहां लोकसभा की 29 सीटों में से 23 पर भाजपा कब्जा जमाएगी, जबकि 6 सीटें कांग्रेस के पास जा सकती हैं।

इसी तरह पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी का जादू फिर से चल सकता है, जहां तृणमूल कांग्रेस कुल 42 में से 34 सीटें जीत सकती हैं, वहीं एनडीए को सूबे में 7 सीटें मिल सकती हैं। इसी तरह छत्तीसगढ़ में 11 लोकसभा सीटें हैं, जिनमें से एनडीए को 5 जबकि यूपीए को 6 पर जीत दर्ज करवाते हुए बताया गया है।