PM मोदी ने कसा तंज, CM चंद्रबाबू नायडू PM बनने का दिवास्वप्न देख रहे हैं

www.khaskhabar.com | Published : रविवार, 06 जनवरी 2019, 7:07 PM (IST)

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कहा कि आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू प्रधानमंत्री बनने का दिवास्वप्न देख रहे हैं। उन्होंने नायडू पर आरोप लगाया कि उन्होंने दो बार तेलगू देशम पार्टी (तेदेपा) के संस्थापक और अपने ससुर एन.टी. रामाराव की पीठ में छुरा घोंपा। मोदी ने एक सप्ताह से भी कम समय में दूसरी बार तेदेपा अध्यक्ष पर सीधा हमला बोला है।


तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) के प्रमुख पर उनके ससुर एन.टी. रामाराव की पीठ में छुरा घोपने का आरोप लगाते हुए मोदी ने कहा कि अपने बेटे के उदय के लिए वह (नायडू) राज्य के सूर्य अस्त का माहौल बना रहे हैं। वह सिर्फ अपने बेटे को आगे बढ़ा रहे हैं, वह राज्य के बेटों-बेटियों को भूल रहे हैं।

प्रधानमंत्री मोदी की यह प्रतिक्रिया नरेंद्र मोदी एप के माध्यम से आंध्र प्रदेश के अनंतपुर, कडप्पा, कुरनूल, नरसारावपेट और तिरुपति के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवकों से संवाद के दौरान आई है। उन्होंने कहा, "जनता के दिलों को जीतने में नाकाम रहने वाले या उसके द्वारा अस्वीकृत होने वाले हिंसा का सहारा ले रहे हैं। कल (शनिवार) केरल के एक सांसद वी. मुरलीधरन के आवास के बाहर एक बम मिला। उन्हें मारने की साजिश रची गई थी। केरल और आंध्र प्रदेश में भी प्रतिदिन हमारे कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया जा रहा है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे




भाजपा के एक नेता ने कहा कि नायडू ने शुक्रवार को भाजपा कार्यकर्ताओं के एक समूह पर उस समय अपना गुस्सा उतारा था, जब उन्होंने मोदी पर मुख्यमंत्री के बयान के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए उनका रास्ता रोक दिया था। नायडू ने कथित तौर पर कहा था कि तुम लोग पीटे जाओगे। अनावश्यक परेशानी को आमंत्रित मत करो। तुम खत्म हो जाओगे। क्या तुम आंध्र प्रदेश के साथ हुए अन्याय का समर्थन करते हो? जनता तुम्हें समझाएगी।

मोदी ने कहा कि यह धमकी घबराहट और असुरक्षा के कारण है। इसका मतलब है कि व्यापक प्रशासनिक साधन होने के बावजूद सत्तारूढ़ लोग डरे हुए हैं। धमकी का अर्थ है कि भाजपा कार्यकर्ताओं को सफलता मिल रही है।" मोदी ने भाजपा कार्यकर्ताओं की ताकत को कमतर आंकने की गलती न करने की चेतावनी देते हुए कहा कि पार्टी कार्यकर्ता एक बार जो ठान लेते हैं, उन्हें सफलता हासिल करने से कोई नहीं रोक सकता।

-आईएएनएस

ये भी पढ़ें - यहां कब्र से आती है आवाज, ‘जिंदा हूं बाहर निकालो’