आंध्र प्रदेश में सत्ताधारी तेलुगू देशम पार्टी और भाजपा कार्यकर्ता भिड़े

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 05 जनवरी 2019, 9:12 PM (IST)

विजयवाड़ा। आंध्र प्रदेश में सत्ताधारी तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) और विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ता गुंटूर शहर में आपस में भिड़ गए। इसके एक दिन पहले भाजपा कार्यकर्ताओं ने काकीनाडा में मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू के काफिले को रोक दिया था। इसके खिलाफ तेदेपा कार्यकर्ताओं ने शनिवार को गुंटूर में भाजपा की राज्य इकाई के अध्यक्ष कन्ना लक्ष्मीनारायण के आवास के बाहर धरना दिया।

भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया, जिसके कारण तनाव बढ़ गया। दोनों समूहों के बीच गरमागरम बहस और नारेबाजी हुई। उन्होंने एक-दूसरे के साथ धक्का-मुक्की की। पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा और स्थिति को शांत करने के लिए प्रदर्शनकारियों को जबरन अलग करना पड़ा।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे


लक्ष्मीनारायण ने अपने घर के बाहर तेदेपा के प्रदर्शन की निंदा की। उन्होंने आरोप लगाया कि तेदेपा कार्यकर्ता उनकी हत्या करने आए थे। भाजपा नेता ने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था ध्वस्त हो गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि चंद्रबाबू नायडू ने उन भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ दुर्व्यवहार किया, जो उन्हें एक ज्ञापन देने काकीनाडा गए थे। उन्होंने कहा कि तेदेपा प्रमुख ने महिला पार्षदों सहित नेताओं को खत्म करने की धमकी दी।
-आईएएनएस

ये भी पढ़ें - यहां मुस्लिम है देवी मां का पुजारी, मां की अप्रसन्नता पर पानी हो जाता है लाल