राफेल जैट फाईटर डील पर सर्वोच्च न्यायालय द्वारा क्लीन चिट सच्चाई की जीत

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 15 दिसम्बर 2018, 6:54 PM (IST)

धर्मशाला। मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने राफेल जैट फाईटर डील पर माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा क्लीन चिट दिए जाने पर इसे सच्चाई की जीत बताते हुए कहा कि यह फैसला कुछ राजनीतिक दलों विशेषकर कांग्रेस द्वारा पिछले कुछ अर्से से किए जा रहे दुष्प्रचार तथा झूठ की राजनीति पर करारा तमाचा है। कोर्ट के फैसले से कांग्रेस पूरी तरह बेनकाब हो चुकी है। उन्होंने कहा कि इतने बड़े झूठ का सहारा लेकर कांग्रेस ने न केवल राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरे में डालने कोशिश की बल्कि देश की जनता को भ्रमित करने का प्रयास किया है, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को देश से माफी मांगनी चाहिए। जय राम ठाकुर ने कहा कि जब केन्द्र में वर्तमान एनडीए की सरकार ने देश के हित में राफेल सौदे जैसा बड़ा फैसला लिया, तो देशहित का यह फैसला कांग्रेस अन्य पार्टियों के कुछ नेताओं को रास नहीं आया और इस पर खामियां ढूंढने के दांव-पेच का खेल शुरू कर दिया।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने महज राजनीतिक उद्देश्य से राफेल डील में इतने बड़े झूठ का सहारा लेकर देश की जनता की भावनाओं से खिलवाड़ किया है, जिसे जनता कभी माफ नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के मुखिया द्वारा राफेल डील के बारे जो दुष्प्रचार किया जा रहा था, सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय ने कांग्रेस के बेबुनियाद तथा निराधार आरोपों को आईना दिखाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और विशेषकर राहुल गांधी के लिए यह एक बड़ा झटका है और उन्हें इससे सबक लेना चाहिए। जय राम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस ने राफेल सौदे पर दुष्प्रचार कर देश की साख को गिराने का प्रयास किया है, जिसे देश की जनता सदैव याद रखेगी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी बिना सोचे समझे कुछ भी अनैतिक कहने से गुरेज नहीं करते हैं। वह राफेल सौदे को बोफोर्स सौदे जैसा प्रकरण का रूप देने की कोशिश में थे। कांग्रेस ने देश में लाखों-करोड़ों के घोटाले किए हैं, जिनसे आज तक न देश उभर पाया है और न ही देश के लोग।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नरेन्द्र मोदी की ईमानदार छवि है, जिसे कलंकित करने की कोशिश करने वाले स्वयं बेनकाब हो गए हैं। मोदी न केवल देश के लोकप्रिय नेता है, बल्कि विश्व के सभी विकसित देश भी इन्हें विश्व नेता के रूप में देख रहे हैं। उनकी बढ़ती लोकप्रियता से घबराकर कांग्रेस के तथाकथित बड़े नेताओं ने खबरों में बने रहने तथा राजनीतिक लाभ प्राप्त करने के उद्देश्य से राफेल सौदे में अनियमितताएं होने जैसे बडे़ झूठ का सहारा लेकर देश की जनता के सामने दुष्प्रचार करने में कोई कोर-कसर नहीं रखी। जय राम ठाकुर ने कहा कि देश की सुरक्षा सर्वोपरी है और इसपर राजनीति करना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि चुनावों के दौरान झूठ की बुनियाद पर देश की एकता व अखण्डता को दाव पर लगाने वालों को देश की जनता 2019 के लोकसभा चुनावों में भी सत्ता से बाहर रखेगी और स्वच्छ, ईमानदार, निष्ठावान, कर्मठ एवं कर्तव्यपरायण सुप्रसिद्ध व लोकप्रिय नेता नरेन्द्र मोदी को फिर से देश का प्रधानमंत्री बनाएगी।

ये भी पढ़ें - अजब- गजबः बंद आंखों से केवल सूंघकर देख लेते हैं ये बच्चे