माधोगढ़ किले को बनाया जाएगा विश्व स्तरीय दर्शनीय स्थल

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 07 दिसम्बर 2018, 7:03 PM (IST)

चंडीगढ़ । हरियाणा को पर्यटन के क्षेत्र में देश के टॉप लेवल पर लाया जाएगा, जिसके लिए धन की कमी नहीं रहने दी जाएगी। दक्षिणी हरियाणा के माधोगढ़ किला का उद्धार करके विश्व स्तरीय दर्शनीय स्थल बनाया जाएगा। इसके लिए 30 करोड़ रुपये राशि की पहली किस्त मंजूर हो चुकी है। पिंजौर के मुगल गार्डन की तर्ज पर माधोगढ़ के किले के अलावा महेंद्रगढ़ किला को भी देश के पर्यटन-मानचित्र पर विकसित किया जाएगा।
हरियाणा के पर्यटन मंत्री राम बिलास शर्मा ने शुक्रवार को पर्यटन विभाग के उच्च अधिकारियों के साथ हुई बैठक के बाद यह जानकारी दी। इस अवसर पर हरियाणा पर्यटन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव विजयवर्धन विशेष तौर पर उपस्थित थे।
शर्मा ने बताया कि जल्द ही दक्षिणी हरियाणा पर्यटन के क्षेत्र में विकसित होने जा रहा है। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार की ‘स्वदेश दर्शन योजना’ के तहत ‘माधोगढ़-महेंद्रगढ़-नारनौल-रेवाड़ी हैरिटेज सर्किट’ को पर्यटन के क्षेत्र में विश्वस्तरीय तरीके से विकसित करने के लिए सरकार द्वारा विशेष कदम उठाये जा रहे हैं। इस सर्किट को पूरी तरह से तैयार करने पर करीब 100 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इस बारे में उनकी केंद्रीय पर्यटन मंत्री डॉ० महेश शर्मा से कई बार दिल्ली में मीटिंग हो चुकी है।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार शुरू से ही दक्षिणी हरियाणा को पर्यटन के क्षेत्र में विकसित करने की सोच रखती है। क्योंकि जहां पर्यटन विकसित होगा उस क्षेत्र का विकास होना लाजिमी है। आस-पास के लोगों को रोजगार मिलेगा। उन्होंने बताया कि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्वदेश दर्शन योजना शुरू की है। इस योजना के अनुसार देश में जो पर्यटन स्थल हैं वहां की सार्वजानिक सुविधाओं एवं पर्यटन एवं पर्यटन से जुड़े पहलुओं पर ध्यान दिया जायेगा। इससे धार्मिक और पर्यटन के लिहाज से महत्वपूर्ण स्थलों को विश्व स्तरीय सुविधाओं से युक्त बनाया जाएगा। इन केंद्रों को बिजली, पानी, सडक़ जैसी मूलभूत सुविधाओं से युक्त करने के साथ ही बेहतर पार्किंग, रहने के लिए अतिथि-गृहों के निर्माण की योजना बनाई गई है। इसके तहत पर्यटन विभाग से जुड़ी सभी मूलभूत आवश्यकताओ की पूर्ति पर ध्यान दिया जायेगा।
पर्यटन मंत्री ने बताया कि ‘माधोगढ़-महेंद्रगढ़-नारनौल-रेवाड़ी हैरिेटेज सर्किट’ पर्यटन के तौर पर पूर्ण रूप से विकसित होने पर दक्षिणी हरियाणा में विकास की रफ्तार बढ़ जाएगी। उन्होंने बताया कि महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी जिलों को तो इस पर्यटन सर्किट का फायदा होगा ही, साथ में पड़ौस के जिले भिवानी व गुरुग्राम को भी लाभ होगा।
शर्मा ने आगे जानकारी दी कि पिंजौर के मुगल गार्डन की तर्ज पर महेंद्रगढ़ व माधोगढ़ के किले को देश के पर्यटन-मानचित्र पर विकसित किया जाएगा।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे