पाकिस्तान की ओर से नियंत्रण रेखा पर गोलीबारी में दो जवान शहीद

www.khaskhabar.com | Published : गुरुवार, 06 दिसम्बर 2018, 9:49 PM (IST)

श्रीनगर। पाकिस्तान की ओर से नियंत्रण रेखा पर गुरुवार को सीमा पार से हुई अलग-अलग फायरिंग में 2 जवानों का निधन हो गया। कुपवाड़ा जिले के माछिल इलाके में गुरुवार सुबह फायरिंग में एक जवान शहीद हो गया, फिर शाम को राजौरी में भी एक कैप्टन भारत माता की गोद में सो गया।

मिली जानकारी के अनुसार, जम्मू-कश्मीर के नियंत्रण रेखा के पास राजौरी जिले के सुंदरबनी सेक्टर में गुरुवार शाम 5 बजे पाकिस्तान की ओर से फायरिंग होना प्रारंभ हो गई। इस फायरिंग में बीएसएफ के 2 जवान प्रसेनजीत बिश्वास और मान्सा राम घायल हो गए। दोनों घायलों को तुरंत उधमपुर के सेना अस्पताल में भर्ती करा दिया गया। लेकिन कैप्टन प्रसेनजीत की इलाज के दौरान मृत्यु हो गई।

इससे पूर्व कश्मीर घाटी के कुपवाड़ा जिले के मछल इलाके में नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तानी सेना ने युद्ध विराम का उल्लंघन करते हुए भारतीय सेना की चौकियों पर गोलीबारी प्रारंभ कर दी। सुबह 11 बजे पाकिस्तान की तरफ से हुई गोलीबारी में भारतीय सेना का एक जवान शहीद हो गया। भारतीय सेना ने भी पाकिस्तान के युद्ध विराम के उल्लंघन का मुंहतोड़ जवाब दिया गया। इससे पहले बुधवार से ही भारत और पाकिस्तान के बीच में नियंत्रण रेखा पर तनाव बना हुआ था।


ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे


नियंत्रण रेखा पर भारत और पाकिस्तान सेनाओं के बीच हुई गोलीबारी में कुछ घरों में नुकसान हुआ है। भारत की तरफ से हुई गोलीबारी में पाकिस्तान का कितना नुकसान हुआ है, उसकी जानकारी अभी तक प्राप्त नहीं हो पाई है।

ये भी पढ़ें - खौफ में गांव के लोग, भूले नहीं करते ये काम