सभी विधानसभाओं ने अपनाया हिमाचल विधानसभा का ई-विधान मॉडल - डॉ. बिंदल

www.khaskhabar.com | Published : मंगलवार, 04 दिसम्बर 2018, 5:58 PM (IST)

धर्मशाला । हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश विधानसभा के ई-विधान मॉडल को देशभर में सराहा जा रहा है और देश की सभी विधानसभाओं ने इसे अपनाया है। लोकसभा और राज्यसभा में भी इस प्रणाली को लागू करने के लिए प्रदेश के अधिकारी प्रशिक्षण के लिए गए हैं।
डॉ. बिंदल मंगलवार को धर्मशाला के डीआरडीए सभागार में पत्रकारवार्ता को सम्बोधित कर रहे थे।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि धर्मशाला के तपोवन स्थित विधानसभा भवन में राष्ट्रीय ई विधान अकादमी (नेवा) की स्थापना को लेकर चरणबद्ध तरीके से प्रक्रिया चल रही है। हाल ही में शिमला में लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन की अध्यक्षता में हुए राष्ट्रमंडल संसदीय संघ के सम्मेलन में सभी ने तपोवन में ‘नेवा’ स्थापित करने पर सहमति जताई। इसे लेकर केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री से बात की जा रही है।
उन्होंने कहा कि नेवा की स्थापना से देशभर की विधानसभाओं, विधानमण्डलों के अध्यक्षों, सदस्यों और सम्बन्धित अधिकारी एवं कर्मचारियों को ई-विधान प्रणाली की सम्पूर्ण जानकारी और प्रशिक्षण की सुविधा होगी।
डॉ. बिंदल ने कहा कि विधानसभा पक्ष और विपक्ष को अपनी बात जनता के समक्ष रखने का माध्यम है। लोकतंत्र में सरकार और विपक्ष एक दूसरे के पूरक होते हैं और इसमें ही लोकतंत्र की मजबूती निहित है। जरूरी है विपक्ष विधानसभा में अच्छे प्रश्न उठाए और सरकार ठीक से जवाब दे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे