कांग्रेस के स्टार प्रचारक भाजपा के चुनावी चक्रव्यूह में फंसे

www.khaskhabar.com | Published : मंगलवार, 04 दिसम्बर 2018, 5:22 PM (IST)

जयपुर । राजस्थान विधानसभा चुनाव में प्रदेश कांग्रेस से स्टार प्रचारक भाजपा के चुनावी चक्रव्यूह में फंस गए है। कांग्रेस के स्टार प्रचारक खुद के विधानसभा क्षेत्र तक सिमट कर रह गए है और दिल्ली और बाहरी राज्यों के स्टार प्रचारकों को चुनाव प्रचार की कमान संभालनी पड़ रही है।
अगर सबसे पहले बात करें पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. सीपी जोशी की। एक वोट से चुनाव हारने वाले डॉ जोशी नाथद्वारा से इस बार कोई रिस्क लेना नहीं चाहते है।
वहीं भाजपा के प्रत्याशी महेश प्रताप सिंह डॉ. जोशी की कड़ी चुनौती दे रहे है। वहीं कांग्रेस प्रत्याशी रघु शर्मा केकड़ी से बाहर नहीं निकल पा रहे है, हालांकि उन्होंने अजमेर लोकसभा चुनाव जीता था, लेकिन इस बार खुद कैम्पेन कमेटी के चेयरमैन होने के बावजूद खुद के विधानसभा क्षेत्र तक ही सीमित है। यहां उन्हें भाजपा के नए चेहरे राजेंद्र विनायका से टक्कर मिल रही है।
यही हाल नेता प्रतिपक्ष रामेश्वर डूडी है। कहने को तो कांग्रेस के चुनाव प्रचार होर्डिंग्स में डूडी का फोटो लगा है, लेकिन सिर्फ डूडी नोखा तक ही सीमित रह गए है। नोखा में उन्हें भाजपा के बिहारी लाल बिश्नोई से टक्कर मिल रही है।
वहीं भाजपा से नाता तोड़कर कांग्रेस में शामिल होने वाले मानवेंद्र सिंह झालरापाटन से बाहर निकलने की हिम्मत नहीं कर सके। यहां मुख्यमंत्री सीएम राजे के सामने वह चुनाव लड़ रहे है।

आपको बता दे कि राजस्थान विधासनभा चुनाव के लिए 7 दिसंबर को मतदान होगा, और 5 दिसंबर की शाम को चुनाव प्रचार थम जाए। वहीं मतगणना 11 दिसंबर को होगी।


ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे