अमरिंदर सिंह मेरे पिता समान, मिलकर सुलझा लूंगा मामला : सिद्धू

www.khaskhabar.com | Published : सोमवार, 03 दिसम्बर 2018, 1:25 PM (IST)

झालावाड़। पंजाब सरकार के मंत्री और पूर्व बल्लेबाज नवजोत सिंह सिद्धू बयानों को लेकर हमेशा चर्चाओं में रहते हैं। हाल ही हैदराबाद में पत्रकारों ने जब सिद्धू से करतारपुर गलियारे के शिलान्यास समारोह में शिरकत को लेकर हुई उनकी पाकिस्तान यात्रा के बारे में पूछा था, तो उन्होंने मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह का मजाक उड़ाया था। सिद्धू ने कहा था कि राहुल गांधी मेरे कैप्टन हैं। उन्होंने मुझे पाकिस्तान भेजा।

राहुल गांधी कैप्टन (अमरिंदर) के भी कैप्टन हैं। कांग्रेसी नेताओं द्वारा चारों ओर से आलोचना होने के बाद अब सिद्धू ने सफाई दी है। सिद्धू ने सोमवार को कहा कि अमरिंदर सिंह उनके पिता के समान हैं और वे उनसे मिलकर मामले को सुलझा लेंगे।

सिद्धू ने कहा कि आप मैले कपड़े को सबके सामने नहीं धोना चाहेंगे। कैप्टन अमरिंदर सिंह पिता समान शख्स हैं। मैं उनसे प्यार करता हूं, इज्जत करता हूं। मैं उनसे खुद मिलकर मामले को सुलझा लूंगा। हालांकि सिद्धू इस मसले पर माफी मांगने को तैयार नहीं हैं।


ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

इससे पहले सिद्धू की पत्नी नवजोत कौर ने भी कहा था कि उनके पति हमेशा कहते हैं कि कैप्टन साहब उनके पिता के समान है। हम यह बात हमेशा स्पष्ट रखते हैं कि कैप्टन साहब का सम्मान सभी चीजों से ऊपर है। सिद्धू का आधा-अधूरा नहीं बल्कि पूरा बयान पढ़ा जाना चाहिए। उल्लेखनीय है कि सिद्धू के खिलाफ राज्य के 18 मंत्रियों ने मोर्चा खोल दिया है। वे चाहते हैं कि सिद्धू सीएम से माफी मांगें।

ये भी पढ़ें - खौफ में गांव के लोग, भूले नहीं करते ये काम