राम मंदिर पर कानून बनाने के लिए जन दबाव जरूरी : मोहन भागवत

www.khaskhabar.com | Published : रविवार, 25 नवम्बर 2018, 7:06 PM (IST)

नागपुर। अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण को लेकर रविवार को विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने धर्म सभा का आयोजन किया। दावा किया गया कि इस धर्म सभा के लिए लाखों राम भक्त अयोध्या में जमा हुए। इसी को देखते हुए यहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए।

पूरी अयोध्या को छावनी में तब्दील कर दिया गया। ऐसे में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक मोहन भागवत ने रविवार को विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) की हुंकार सभा में राम मंदिर निर्माण की मांग का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि राम मंदिर पर फैसला चुनाव से पहले आना चाहिए। राम मंदिर बनने से सारे झगड़े खत्म हो जाएंगे।

भागवत ने कहा कि मंदिर पर कानून बनाने के लिए जन दबाव जरूरी है। जन दबाव पडऩे से सरकार को मंदिर निर्माण के लिए कानून बनाने के लिए बल मिलेगा। उन्होंने कहा कि सरकार और सुप्रीम कोर्ट ने जन संवेदनाओं को नहीं समझा। भागवत ने कहा कि सदियों से अयोध्या में रामलला विराजमान हैं। हिंदुओं में धैर्य है इसलिए ही राम मंदिर निर्माण के लिए 30 साल का समय लग गया है। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट द्वारा जनहित के मामले टालने का क्या मतलब है। उन्होंने कहा कि सत्य और न्याय को आप टालते चले आ रहे हैं, तो यह कहना बंद कीजिए कि ‘जस्टिस डिलेड इज जस्टिस डिनाइड।’

उन्होंने कहा कि अगर सुप्रीम कोर्ट की प्राथमिकता में राम मंदिर नहीं है, तो केंद्र सरकार को कानून बनाकर श्रीराम मंदिर बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पूरे देश में जनजागरण अभियान चल रहा है। इससे सरकार पर लोगों का दबाव बनेगा। राम मंदिर के निर्माण के लिए जन दबाव बहुत जरूरी है। भागवत ने कहा कि राम मंदिर का मामला राजनीतिक नहीं, बल्कि जनहित का मामला है। इस पर जल्द से जल्द सुनवाई होनी चाहिए।

उन्होंने केंद्र सरकार को स्पष्ट रूप से कहा कि हम राम मंदिर पर लड़ेंगे नहीं लेकिन अड़ेंगे। उन्होंने कहा कि राम, कृष्ण और शिव सबको जोडऩे वाले हैं। मंदिर बनने से भारत के वैभव का निर्माण होगा। सरकार को अध्यादेश लाकर राम मंदिर के निर्माण का मार्ग प्रशस्त करना चाहिए।

बीजेपी ही करवाएगी राममंदिर का निर्माण...

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

बीजेपी ही करवाएगी राममंदिर का निर्माण...
वहीं दूसरी और धर्मसभा को संबोधित करते हुए तुलसी पीठाधीश्वर चित्रकूट रामभद्राचार्य ने रामभक्तों को भरोसा दिलाया कि अयोध्या में राममंदिर का निर्माण बीजेपी ही करवाएगी। उन्होंने कहा कि मेरी अभी कुछ दिनों पहले ही केंद्र सरकार के एक बड़े व प्रभावशाली मंत्री से बात हुई। उन्होंने मुझसे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 6 दिसंबर के पहले ही अयोध्या मुद्दे पर कुछ करने वाले थे पर पांच राज्यों में चुनाव होने के कारण ऐसा नहीं हो सका।

मंत्री ने मुझे भरोसा दिलाया कि 11 दिसंबर के बाद प्रधानमंत्री मोदी के साथ चर्चा करते हुए राममंदिर कोई बड़ा निर्णय लिया जाएगा, वो निर्णय अध्यादेश भी हो सकता है। रामभद्राचार्य ने कहा कि रामभक्तों को भाजपा की सरकार पर भरोसा रखना चाहिए।

बीजेपी की सरकार ही अयोध्या में जल्द राममंदिर बनवाएगी। उन्होंने कहा कि 11 दिसंबर को बाद सरकार राममंदिर पर कोई बड़ा एलान करेगी। रामभद्राचार्य ने बताया कि मंत्री ने कहा कि संत समाज को जाकर कह दीजिए कि थोड़ा और सब्र कर लें जल्द कुछ ना कुछ होगा। अध्यादेश आएगा और अध्यादेश दो तिहाई बहुमत से पास किया जाएगा।

ये भी पढ़ें - यहां कब्र से आती है आवाज, ‘जिंदा हूं बाहर निकालो’