मिस्र में इसाइयों की बस पर आतंकी हमला, 7 लोगों की मौत

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 02 नवम्बर 2018, 8:51 PM (IST)

काहिरा। मिस्र में इसाइयों पर आतंकी हमले होते ही रहते है। ताजा मामला मिस्र में कॉप्टिक मठ की ओर जा रही बस पर हमले में कम से कम 7 लोगों की मौत जबकि 14 लोग घायल हो गए। समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, क्षेत्र के बिशप ने एएफपी को बताया कि उनकी बस पर एक हथियारबंद शख्स ने हमला कर दिया जिससे कम से कम सात कॉप्टिक ईसाई मारे गए। एक सुरक्षा अधिकारी ने मिनिया के मध्य प्रांत में हमले की पुष्टि की।

बता दें कि मिस्र में इसाइयों को आतंकियों द्वारा निशाना बनाए जाने की घटना अक्सर होते रहती है। पिछले महीने ही मिस्र की एक अदालत ने चर्चों पर श्रृंखलाबद्ध आत्मघाती हमलों को लेकर गुरुवार को 17 लोगों को मौत की सजा सुनाई। खुद को इस्लामिक स्टेट बताने वाले आतंकी संगठन आईएस ने दर्जनों लोगों की जान लेने वाले इन आत्मघाती हमलों की जिम्मेदारी ली थी।

न्यायिक और सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि अन्य 19 लोगों को उम्रकैद और 10 को 10-15 साल की कैद की सजा सुनाई गई। काहिरा, एलेक्जेंड्रिया और टंटा की नाइल डेल्टा सिटी में 2016 और 2017 के दौरान ईसाइयों को निशाना बनाकर आत्मघाती हमले किये गये थे। इन हमलों में 74 लोगों की जान गयी थी। सुन्नी बहुल मिस्र में ईसाई करीब दस फीसदी हैं।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे