यौन उत्पीड़न के खिलाफ खुलकर सामने नहीं आती महिलाएं : रोली सिंह

www.khaskhabar.com | Published : बुधवार, 31 अक्टूबर 2018, 10:40 PM (IST)

जयपुर। कार्यस्थल पर शर्मिंदगी प्रमुख कारण है, जिसकी वजह से महिलाएं यौन उत्पीड़न व दुराचार के खिलाफ खुलकर सामने नहीं आती हैं। जब किसी महिला का यौन शोषण होता है तो वह भावनात्मक रूप से अत्यधिक निराशा हो जाती है। पुरुष प्रधान समाज में महिलाओं को पुरुषों द्वारा ऐसे कृत्यों को सहन करना पड़ता है। यह कहना था राजस्थान सरकार के महिला एवं बाल विकास विभाग की प्रमुख शासन सचिव रोली सिंह का। वे बुधवार को जयपुर में पीएचडीसीसीआई द्वारा ‘सैक्सुअल हरेसमेंट ऑफ वुमन एट वर्कप्लेस’ विषय पर आयोजित सेमिनार को संबोधित कर रही थीं।

उन्होंने आगे कहा कि ये मुद्दे पहले भी ज्वलंत माने जाते थे, लेकिन अब सोशल मीडिया के साथ चीजें बदल रही हैं। लैंगिक समानता को एचआर मेंडेट का भाग होना चाहिए और संस्थानों की ओर से अपनी आंतरिक समिति के कॉन्टेक्ट नम्बरों को प्राथमिकता के साथ प्रदर्शित करना चाहिए। सैक्सुअल हरेसमेंट ऑफ वुमन एट वर्कप्लेस एक्ट, 2013 के अनुसार सभी संस्थानों के अधिकारियों को प्रत्येक वर्ष यौन उत्पीड़न पर नियमित प्रशिक्षण दिया जाना अनिवार्य है।
इस अवसर पर दिल्ली हाई कोर्ट की वकील प्रिया खन्ना ने महिला यौन उत्पीड़न के बारे में जागरूक करने पर एक टेक्निकल सेशन लिया। उन्होंने सैक्सुअल हरेसमेंट ऑफ वुमन एट वर्कप्लेस एक्ट, 2013 के विभिन्न प्रावधानों की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि अनुचित स्पर्श (शारीरिक सम्पर्क व इसका प्रयास करना) यौन संबंध बनाने की मांग करना, अश्लील साहित्य या सामग्री दिखाना तथा किसी भी अन्य प्रकार के अवांछित शारीरिक, मौखिक या गैर मौखिक आचरण जैसे कृत्यों में से कोई एक या एक से अधिक कृत्य यौन उत्पीड़न माने जाते हैं।



ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

पॉलिसी फॉर प्रिवेंशन ऑफ सैक्सुअल हरेसमेंट (पीओएसएच) एक्ट और मी टू कैम्पेन के बाद महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा हाल ही शुरू किए गए शी बॉक्स (सैक्सुअल हरेसमेंट इलेक्ट्रॉनिक बॉक्स) के बारे में विस्तापूर्वक जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि यौन उत्पीड़न को रोकने के लिए महिलाओं के सशक्तीकरण से अधिक प्रभावी कोई अन्य तरीका नहीं है। कार्यस्थल का समावेशी माहौल पुरुषों व महिलाओं, दोनों के लिए सम्मानजनक होता है, जो सफल कार्यस्थल को मापने के सर्वाधिक महत्वपूर्ण मापदंडों में से एक बन जाएगा।

ये भी पढ़ें - यहां मुस्लिम है देवी मां का पुजारी, मां की अप्रसन्नता पर पानी हो जाता है लाल