सिटी पैलेस में 24 विभिन्न श्रेणियों में दिये जायेंगे वार्षिक पुरस्कार

www.khaskhabar.com | Published : सोमवार, 29 अक्टूबर 2018, 5:12 PM (IST)

जयपुर। ब्रिगेडियर स्वर्गीय एच.एच. महाराजा सवाई भवानी सिंह, एमवीसी ऑफ जयपुर के स्मरणोत्सव के तहत बुधवार, 31 अक्टूबर की शाम को सिटी पैलेस के प्रीतम निवास प्रांगण में प्रतिष्ठित वार्षिक पुरस्कार समारोह ‘सवाई जयपुर अवार्डस् 2018‘ का आयोजन किया जाएगा। महाराजा सवाई मानसिंह द्वितीय म्यूजियम ट्रस्ट द्वारा दिये जाने वाले ये पुरस्कार इस वर्ष 24 श्रेणियों में होंगे। ये पुरस्कार मानवता की सेवा, हेरिटेज संरक्षण, चिकित्सा विज्ञान, परम्परागत शिल्प के क्षेत्र आदि विभिन्न श्रेणियों में दिये जाएंगे। सोशल इम्पेक्ट के लिये उल्लेखनीय स्टार्ट-अप की शुरुआत के लिए इस वर्ष एक नया अवार्ड जोड़ा गया है।

इन पुरस्कारों के तहत 31,000 रूपये नकद, शॉल, सिटी पैलेस के सर्वतोभद्र चौक में रखी रजत कलश की प्रतिकृति, प्रशस्ति पत्र और श्रीफल प्रदान किये जाऐंगें।

पुरस्कार समारोह शाही परिवार के सदस्यों और धर्म गुरूओं के मंच पर आने के साथ ही आरम्भ हो जाएगा। कार्यक्रम की शुरूआत शाही परिवार के सदस्यों द्वारा श्री गोविन्ददेव जी की तस्वीर पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर की जाएगी। इसके बाद शाही परिवार के सदस्य स्वर्गीय महाराजा की तस्वीर पर माल्यार्पण करेंगे। राजमाता पद्मिनी देवी और शाही परिवार के अन्य सदस्य धर्मगुरूओं को भेंट देंगे और उनका आशीर्वाद प्राप्त करेंगे और उसके बाद पुरस्कार समारोह शुरू होगा।

विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्यों के दिये जाने वाले ये पुरस्कार हैं:

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

राजा दूल्हा राय अवार्ड - उत्कृष्ट सामाजिक सेवाओं के लिए; राजा काकिल देव अवार्ड - आर्कीटेक्चर एवं हेरिटेज संरक्षण के लिए; राजा पजवान देव अवार्ड - औषधि के क्षेत्र में; राजा भगवंत दास अवार्ड - जयपुर के पारंपरिक शिल्प के क्षेत्र में; राजा मानसिंह प्रथम अवार्ड - बहादुरी के लिए; मिर्जा राजा जयसिंह प्रथम अवार्ड - सशस्त्र बलों में विशिष्ट सेवा के लिए; मिर्जा राजा राम सिंह प्रथम अवार्ड - पारिस्थितिकी संतुलन एवं पर्यावरण में सुधार के लिए; महाराजा विशन सिंह अवार्ड - ट्रेवल एवं टूरिज्म में उल्लेखनीय कार्य के लिए; महाराजा सवाई जय सिंह द्वितीय अवार्ड - एस्ट्रोनॉमी एवं संबंधित विज्ञान के क्षेत्र में; महाराजा सवाई ईश्वरी सिंह अवार्ड - पत्रकारिता के क्षेत्र में; महाराजा सवाई माधो सिंह प्रथम अवार्ड - भारत एवं विदेश में राजस्थान की इमेज बढ़ाने के लिए; महाराजा सवाई प्रताप सिंह अवार्ड - इतिहास, साहित्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में; महाराजा सवाई जगत सिंह अवार्ड - पेंटिंग एवं स्कल्पचर के क्षेत्र में; महाराजा सवाई राम सिंह द्वितीय अवार्ड - पत्रकारिता के क्षेत्र में; महाराजा सवाई माधो सिंह द्वितीय अवार्ड - थियेटर, फिल्म एवं टेलीविजन क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान के लिए दिये जाएंगे।

इसके अतिरिक्त दिये जाने वाले अन्य पुरस्कार निम्न प्रकार से हैं: महाराजा सवाई मानसिहं द्वितीय अवार्ड - खेल/पोलो में उत्कृष्टता के लिए; महारानी मरूधर कंवर अवार्ड - एमएसएमएस द्वितीय म्यूजियम ट्रस्ट एवं जेपीसीटी ट्रस्ट के लिए; महारानी किशोर कंवर अवार्ड - परर्फाेमिंग आर्ट के क्षेत्र में उत्कृष्टता के लिए; राजमाता गायत्री देवी अवार्ड - महिला उत्कृष्टता के लिए; महाराजा सवाई भवानी सिंह अवार्ड - व्यापार और उद्योग के क्षेत्र में उत्कृष्टता के लिए; राजमाता पद्मिनी देवी अवार्ड - उत्कृष्ट अनुशासित सेवाएं प्रदान करने के लिये; राजकुमारी दीया कुमारी अवार्ड - किसी भी क्षेत्र में अचीवर और महाराजा सवाई पद्मनाभ सिंह अवार्ड - स्पोर्ट्स में यंग अचीवर को उल्लेखनीय योगदान के लिए दिये जायेंगे।

सोशल इम्पेक्ट के लिये उल्लेखनीय स्टार्ट-अप की शुरुआत के लिए इस वर्ष ‘प्रिंसेस गौरवी कुमारी अवार्ड‘ नाम से एक नया अवार्ड जोड़ा गया है।



ये भी पढ़ें - खौफ में गांव के लोग, भूले नहीं करते ये काम