मुख्यमंत्री बताएं कि क्या महिला सशक्तीकरण उनके लिए यह आपत्तिजनक है : पायलट

www.khaskhabar.com | Published : रविवार, 28 अक्टूबर 2018, 7:33 PM (IST)

जयपुर। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सचिन पायलट ने प्रदेश की मुख्यमंत्री द्वारा महिलाओं के राजनीतिक प्रतिनिधित्व पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की सकारात्मक सोच पर नकारात्मक प्रश्न पूछे जाने को एक महिला राजनेता की महिला सशक्तीकरण के प्रति प्रतिगामी सोच का परिचायक बताया है।
पायलट ने कहा कि राहुल गांधी चाहते हैं कि कांग्रेस पार्टी में महिलाओं का राजनीतिक प्रतिनिधित्व बढ़े और इसी प्रकार देशभर में महिलाओं के सशक्तीकरण को सुनिश्चित किया जाए, जिसे लेकर उन्होंने प्रधानमंत्री को भी पत्र लिखकर बिना कोई शर्त महिला आरक्षण विधेयक पास करवाने की भावना व्यक्त की है, जो देश की आधी आबादी के उत्थान और उसके द्वारा देश के नीति-निर्धारण में मुखर भूमिका निभाने के लिए लक्षित है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री या तो जानबूझकर या फिर इतिहास के अल्प ज्ञान के कारण ऐसा औचित्यहीन प्रश्न उठा रही हैं, क्योंकि देश ही नहीं बल्कि विश्व जानता है कि इंदिरा गांधी ने न सिर्फ कांग्रेस पार्टी का गौरव बढ़ाया, वरन विश्व के भूगोल व इतिहास को बदलने की क्षमता के कारण पूरा विश्व उनका लोहा मानता है।
उन्होंने कहा कि इसके अलावा सुचेता कृपलानी, नन्दिनी सत्पथी, अनवरा तैमूर, राजिन्द्र कौर भट्टल, शीला दीक्षित जैसे बहुत उदाहरण हैं जो कांग्रेस की ओर से कई प्रदेशों में मुख्यमंत्री रही हैं। उन्होंने कहा कि यूपीए शासनकाल के दौरान प्रतिभा पाटिल ने राष्ट्रपति के तौर पर देश का गौरव बढ़ाया था। उन्होंने कहा कि अच्छा हो कि भाजपा के नेता किसी भी बयान को जारी करने से पहले आत्म अवलोकन कर लें क्योंकि चाहे भाजपा के प्रदेश प्रभारी मंत्री प्रकाश जावडेकर हों या पंचायती राज मंत्री हो, जानबूझकर ऐसी बयानबाजी करते हैं जो उनकी बौखलाहट का जीता-जागता उदाहरण होता है।


ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता कांग्रेस पर झूठ व भ्रम फैलाने का आरोप लगा रहे हैं, जबकि सच्चाई यह है कि अपनी सम्भावित हार से विचलित होकर सत्ताधारी पार्टी के कई विधायक व अन्य नेता जैसी बयानबाजी कर रहे हैं वह आचार संहिता के उल्लंघन की श्रेणी में आता है।


ये भी पढ़ें - यहां मुस्लिम है देवी मां का पुजारी, मां की अप्रसन्नता पर पानी हो जाता है लाल

उन्होंने कहा कि भाजपा ने पूरे पौने पांच साल के दौरान अपनी जवाबदेही सुनिश्चित करने से परहेज रखा है और जनता का ध्यान भटकाने के लिए कांग्रेस के प्रति अनर्गल बयानबाजी कर अपनी खोखली सोच का परिचय दिया है।

ये भी पढ़ें - यहां मुस्लिम है देवी मां का पुजारी, मां की अप्रसन्नता पर पानी हो जाता है लाल