भाजपा का रिमोट कार्यकर्ताओं के पास और कांग्रेस का गांधी परिवार के पास : सीएम राजे

www.khaskhabar.com | Published : रविवार, 21 अक्टूबर 2018, 7:34 PM (IST)

जयपुर। प्रदेश भाजपा की प्रत्याशियों के चयन की रायशुमारी के दूसरे चरण की दूसरी बैठक दिल्ली रोड स्थित केके रॉयल होटल में हुई। रायशुमारी के दूसरे दिन भीलवाड़ा की 7, नागौर शहर की 5, नागौर देहात की 5, झुंझुनूं की 7 एवं अलवर शहर की 11 विधानसभाओं से बुलाए गए अपेक्षित पदाधिकारियों से रायशुमारी की।

मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा जो भी कार्य करती है, वह कार्यकर्ताओं की सहमति से ही करती है। मुख्यमंत्री राजे ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस का रिमोट गांधी परिवार के चार लोगों के हाथ में है, जबकि भाजपा का रिमोट उसके कार्यकर्ताओं के हाथ में है। राहुल गांधी का जिक्र करते हुए राजे ने कहा कि राहुल गांधी ने जहां-जहां भी सभाएं की हैं, वहां भी ‘कमल’ ही खिलेगा।
कांग्रेस का जिक्र करते हुए राजे ने कहा कि कांग्रेस के 50 साल और भाजपा के वर्तमान 5 साल के कार्यों में जमीन और आसमान का अंतर देखने को मिलेगा। भाजपा ने वर्तमान 5 वर्षों में जितने विकास कार्य किए है, कांग्रेस ने अपने 50 साल में अब तक नहीं किए। भाजपा के विकास कार्यों का आज के दौर में चहुंओर गुणगान हो रहा है। यही बात लेकर कार्यकर्ता जनता के मध्य जाएं। निम्न से लेकर उच्च वर्ग भी भाजपा की लोककल्याणकारी योजनाओं से बेहद खुश हैं।
एक बार कांग्रेस-एक बार भाजपा की बात को नकारते हुए मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कहा कि मैं इन बातों पर विश्वास नहीं करती हूं। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और गुजरात में जिस तरह विकास हुआ है, ठीक उसी तरह राजस्थान में भी विकास हुआ है एवं इन विकास कार्यों के दम पर राजस्थान में भी लगातार भाजपा अपनी जीत का परचम फिर से लहराएगी।

भाजपा के पास है देव दुर्लभ कार्यकर्ता : मदनलाल सैनी

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदनलाल सैनी ने कार्यकर्ताओं को चुनावी मूल मंत्र देते हुए कहा कि कार्यकर्ता अपनी ताकत पहचानें और आत्मविश्वास के साथ अपने-अपने क्षेत्रों में जाएं एवं एक नया इतिहास बनाएं। भाजपा के कार्यकर्ता सत्ता को सेवा का साधन मानकर ही अपना कार्य करते हैं और यही वजह है कि भाजपा के पास देव दुर्लभ कार्यकर्ता हैं, जो दुनिया में किसी भी पार्टी के पास नहीं हैं। उन्होंने कहा कि टिकट मांगना तो कार्यकर्ताओं का अधिकार है, टिकट की मांग करना कोई गलत बात नहीं है।

वर्षों से जारी है भाजपा की ऐतिहासिक यात्रा : वी. सतीश

ये भी पढ़ें - खौफ में गांव के लोग, भूले नहीं करते ये काम

भाजपा के राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री वी. सतीश ने कहा कि आज का दिन विशेष दिन माना जाएगा। आज ही के दिन वर्ष 1951 में भारतीय जनसंघ की स्थापना हुई थी। तबसे लेकर अब तक पहले जनसंघ व अब भाजपा की ऐतिहासिक व गौरवमयी यात्रा जारी है।

रायशुमारी से ही उम्मीदवार का चयन करती है भाजपा : अविनाश राय खन्ना
भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना ने कहा कि केन्द्र और राज्य सरकार ने जो विकास कार्य किए हैं, इनके चलते हम पुनः सरकार बनाएंगे। हमारा सक्षम नेतृत्व और सक्रिय कार्यकर्ताओं के दम पर हम प्रदेश में पूरे 5 वर्ष जनता में सक्रिय रहे हैं। भाजपा ही ऐसी पार्टी है जो कार्यकर्ताओं की रायशुमारी के साथ ही अपने उम्मीदवारों का चयन करती है।


ये भी पढ़ें - यहां मुस्लिम है देवी मां का पुजारी, मां की अप्रसन्नता पर पानी हो जाता है लाल

इस अवसर पर केन्द्रीय मानव संसाधन मंत्री एवं प्रदेश चुनाव प्रभारी प्रकाश जावड़ेकर, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ओमप्रकाश माथुर, केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत, केन्द्रीय मंत्री सी.आर. चौधरी, केन्द्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल, गृह मंत्री गुलाबचंद कटारिया, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. अरुण चतुर्वेदी, ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज मंत्री राजेन्द्र सिंह राठौड़, सार्वजनिक निर्माण मंत्री यूनुस खान, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी, प्रदेश प्रवक्ता सतीश पूनिया उपस्थित रहे।


यह भी पढ़े : आपके हाथ में पैसा नहीं रूकता, तो इसे जरूर पढ़े