शहादत देने वाले जांबाजों से प्रेरणा ले - पुलिस महानिदेशक

www.khaskhabar.com | Published : रविवार, 21 अक्टूबर 2018, 3:21 PM (IST)

जयपुर। प्रदेश के पुलिस महानिदेशक पुलिस ओपी. गल्होत्रा ने 59 वें पुलिस शहीद दिवस समारोह के अवसर पर पुलिस के अमर शहीदों की शहादत को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने शहीदों के परिजनों के प्रति भी श्रद्धभाव व्यक्त किया।
गल्होत्रा ने राजस्थान पुलिस अकादमी में आयोजित शहीद दिवस समारोह में कहा कि राजस्थान पुलिस के जवानों ने अपनी गौरवशाली परम्पराओं को निभाते हुए सदैव त्याग और कर्तव्यपरायणता की भावना से कार्य किया है। अपने ध्येय वाक्य सेवार्थ कटिबद्धता को चरितार्थ करते हुए अपने दायित्वों को निभाया है और कठिन परिस्थितियों में सर्वस्व बलिदान भी किया है। उन्होंने देश सेवा के लिये त्याग एवं बलिदान की मिसाल कायम करने वाले जांबाज सिपाहियों से प्रेरणा लेने का आव्हान किया।
उन्होंने ने बताया कि 21 अक्टूबर 1959 को सी.आर.पी.एफ. के पुलिस अधिकारी श्री करम सिंह के नेतृत्व में 20 जवानों की पुलिस टोली पर हॉट स्प्रिंग्स, लद्दाख में 16,000 फीट की ऊँचाई पर विषम परिस्थितियों में गश्त के दौरान चीन की सेना द्वारा घात लगाकर हमला किया गया। इस आक्रमण में पुलिस के 10 जवान वीर गति को प्राप्त हुए।



ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

महानिदेशक पुलिस गल्होत्रा ने देश के सभी प्रान्तों, केन्द्र शासित प्रदेशों व अर्द्ध सैन्य बलों के 1 सितम्बर, 2017 से 31 अगस्त, 2018 तक के विभिन्न संवर्ग के सभी 418 शहीद अधिकारियों एवं कर्मचारियों के पदनाम व उनके नाम का वाचन कर उन्हें सम्मान दिया।

ये भी पढ़ें - खौफ में गांव के लोग, भूले नहीं करते ये काम