रोडवेज कर्मचारियों की हड़ताल से लगा प्रदेश स्तरीय खेल महाकुंभ पर ग्रहण

www.khaskhabar.com | Published : रविवार, 21 अक्टूबर 2018, 2:23 PM (IST)

फरीदाबाद। हरियाणा रोडवेज के बेड़े में 10 हजार बसों की कमी को पूरा करने की मांग को लेकर और निजीकरण के विरोध में रोडवेज कर्मचारियों की हड़ताल जारी है। इस हड़ताल का सीधा असर यहां होने वाले खेल महाकुंभ पर पड़ा है। हड़ताल के कारण खेल एवं युवा कार्यक्रम विभाग को 23 अक्टूबर से होने वाले प्रदेश स्तरीय खेल महाकुंभ को रद्द कर दिया है। अभी आयोजन की नई तिथि तय नहीं की गई है।

आपको बता दें कि 23 से 25 अक्टूबर तक सात जिलों में प्रदेशस्तरीय महाकुंभ के मुकाबले होने थे और इनमें 332 खिलाड़ियों को भागीदारी करनी थी। बास्केटबॉल और फुटबॉल टूर्नामेंट हिसार में होना था। जिम्नैस्टिक्स व बैडमिंटन का मुकाबला अंबाला में होना था। ऐसे ही ऐथलेटिक्स व टेबल टेनिस के मुकाबले पंचकूला में होने थे, जबकि करनाल में वॉलीबॉल व जूडो के मुकाबले कराए जाने थे। रोहतक में हॉकी व कुश्ती और भिवानी में बॉक्सिंग व कबड्डी के मुकाबले होने थे। तीरंदाजी, लॉन टेनिस और हैंडबॉल खेल जिला गुड़गांव में कराए जाने थे।
हरियाणा रोडवेज कर्मचारियों की हड़ताल का असर इन खेलों पर पड़ा है। हालांकि जिला गुड़गांव व दिल्ली तक तो बसें चल रही हैं, पर प्रदेश के अन्य जिलों के लिए बसें नहीं चल पाई हैं। इस कारण प्रदेश स्तरीय महाकुंभ रद्द करना पड़ गया। जिला खेल अधिकारी मैरी मसीह के अनुसार खिलाड़ियों के लिए सात सरकारी बसों का इंतजाम किया गया थे, लेकिन अब खेलों को रद्द करना पड़ गया है। अगर खेल रद्द नहीं होते तो सोमवार को सभी खिलाड़ियों को उनके निश्चित स्थान पर भेजना शुरू कर दिया जाता।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे