गुजरात में उत्तर भारतीयों पर हमले कांग्रेस की साजिश : विजय रूपाणी

www.khaskhabar.com | Published : मंगलवार, 16 अक्टूबर 2018, 00:02 AM (IST)

लखनऊ। गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी यहां यहां सोमवार को पहुंचे। उन्होंने गुजरात में हुए उत्तर भारतीयों (गैर गुजरातियों) पर हुए हमलों के पीछे कांग्रेस का हाथ होने का आरोप लगाया। रूपाणी ने गुजरात की हिंसा को कांग्रेस के एक विधायक की सुनियोजित साजिश बताया।

कांग्रेस ने गुजरात के मुख्यमंत्री के उत्तर प्रदेश आने का विरोध किया। हवाईअड्डे से लेकर योगी आदित्यनाथ के सरकारी आवास तक रूपाणी को जगह-जगह काले झंडे व काले गुब्बारे दिखाए गए। मुख्यमंत्री आवास के आसपास भी आसमान में पचासों काले गुब्बारे दिखाई दिए। कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने कहा कि गुजरात से उत्तर भारतीयों को भगाना भाजपा की साजिश है। राहुल गांधी के आरोपों का जवाब देने में नाकाम भाजपा कांग्रेस को बेवजह बदनाम करने और आरोपों से ध्यान भटकाने में लगी है। दक्षिणी दिल्ली के भाजपा सांसद रमेश बिधूड़ी का यह कहना कि अब दिल्ली से भी बिहारियों-यूपीवालों को भगाया जाएगा, भाजपा की साजिश का सबूत है।

वहीं, रूपाणी ने कहा कि गुजरात सरकार ने कांग्रेस की साजिश को विफल कर दिया है। आज परिस्थिति नियंत्रण में है और गुजरातियों के साथ-साथ उत्तर व दक्षिण भारतीय दूध में चीनी की तरह मिलजुल कर रह रहे हैं।

इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित मुख्यमंत्री योगी और रूपाणी की संयुक्त प्रेसवार्ता में रूपाणी ने कहा कि हिंसा मामले में गुजरात सरकार ने 700 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया है, इनमें 50 से ज्यादा लोग कांग्रेस कार्यकर्ता निकले।

उन्होंने कहा कि यह हिंसा 4 राज्यों के विधानसभा चुनाव और स्टेच्यू ऑफ यूनिटी के लोकार्पण के कार्यक्रम को देखते हुए कांग्रेस के विधायक की सुनियोजित साजिश की थी।

पत्रकारों के यह पूछने पर कि अगर कांग्रेस विधायक जिम्मेदार हैं तो उनके खिलाफ आपने मुकदमा क्यों नहीं दर्ज कराया? जवाब में रूपाणी ने कहा, "अल्पेश ठाकोर के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के लिए कानूनी प्रक्रिया चल रही है।" इसके बाद उन्होंने ने जो कहा, उस पर विश्वास करने के बजाय कई पत्रकार हंसते दिखे। रूपाणी ने कहा, "बिहार कांग्रेस के प्रभारी अल्पेश ही गुजरात में बिहारियों का विरोध कर रहे हैं।"

काले झंड के सवाल पर रूपाणी ने कहा, "वे लोग उल्टा चोर कोतवाल को डांटे वाली कहावत को चरितार्थ कर रहे हैं।"

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे