भाजपा नेता संजय टंडन ने राज्यपाल को बताईं लोगों की समस्याएं

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 13 अक्टूबर 2018, 8:06 PM (IST)

चंडीगढ़। चंडीगढ़वासियों, सरकारी कर्मियों और औद्योगिक वर्ग के लोगों की विभिन्न समस्याओं को लेकर भारतीय जनता पार्टी चंडीगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष संजय टंडन ने चंडीगढ़ के प्रशासक एवं पंजाब के राज्यपाल वीपी बदनोर से बात की।

पार्टी के प्रदेश मीडिया इंचार्ज रविन्द्र पठानिया ने बताया कि संजय टंडन ने प्रशासक के समक्ष चंडीगढ़ के अध्यापकों की बात रखते हुए कहा कि शिक्षा विभाग द्वारा अध्यापकों को आदेश दिए हैं कि वे स्कूल लगने से पूर्व और बाद में ज्यादा समय तक वहीँ रहेंगे। इस आदेश से सभी अध्यापकों को बहुत परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इससे उन सभी लोगों की दिनचर्या पर भी प्रभाव पढ़ रहा है। शिक्षा विभाग के इस फैसले से किसी का कोई भला नहीं होने वाला, उल्टा ये परेशानी का सबब साबित हो रहा है। इसे तुरंत प्रभाव से विभाग द्वारा वापस लिया जाना चाहिए।
चंडीगढ़ के सेक्टर 30बी के आर्थिक रूप से पिछड़े गरीब लोग जो इंडस्ट्रीयल मकानों में रह रहे हैं, उनके द्वारा मकानों के भीतर की गई नीड बेस्ड चेंज को भी नियमित किया जाना चाहिए। गौरतलब है कि यहां के लोगों की ये समस्या काफी समय से लंबित है। यहां के एक वर्ग ने आकर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष संजय टंडन से मिलकर भेंट की और उनको अपनी इस मांग के बारे में बताया था। इस पर टंडन ने उन्हें जल्द ही प्रशासन से बात करने का आश्वासन दिया था।

इसके साथ साथ उन्होंने चंडीगढ़ की औद्योगिक क्षेत्र में भी नीड बेस्ड चेंज को नियमित करने की बात प्रशासक के समक्ष रखी। साथ ही उन्होंने सेक्टर 19 की मार्किट में बॉक्स टाइप एससीओ को जारी करने की सहमति की बात कही।
चंडीगढ़ के प्रशासक और पंजाब के राज्यपाल वीपी बदनोर ने भाजपा चंडीगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष संजय टंडन की सभी बातों को ध्यानपूर्वक सुना और उस पर उनके साथ विस्तृत चर्चा की। साथ ही कहा कि वे जल्द ही संबंधित विभागों से इस पर चर्चा करेंगे और उनकी उचित समस्याओं को हल करवाएंगे।


ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे