अतिरिक्त मुख्य सचिव चिकित्सा ने की जीका वायरस की समीक्षा

www.khaskhabar.com | Published : गुरुवार, 11 अक्टूबर 2018, 11:13 PM (IST)

जयपुर। अतिरिक्त मुख्य सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य वीनू गुप्ता ने गुरुवार को स्वास्थ्य भवन में आयोजित समीक्षा बैठक में शहर में जीका वायरस से रोकथाम एवं बचाव के लिए की जा रही जांच व उपचार की व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की एवं मच्छरों की रोकथाम के पुख्ता उपाय सुनिश्चित करने के साथ ही विशेष सर्तकता बरतने के निर्देश दिए।

मती गुप्ता ने चिकित्सा विभाग द्वारा जिला प्रशासन, जयपुर नगर निगम और महिला एवं बाल विकास विभाग की मदद से प्रभावित क्षेत्र में एन्टीलार्वा गतिविधियों की सघन समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने जीका की रोकथाम के लिए लगाए गए प्रभारी चिकित्सकों से उनके अधीन टीमों द्वारा किए गए कार्यों की विस्तार से समीक्षा की।

अतिरिक्त मुख्य सचिव ने कहा कि जीका से बचाव के लिए मच्छरों की रोकथाम आवश्यक है। घर में अथवा अन्य स्थलों पर रुके हुए साफ पानी में जीका के मच्छर पनपने की संभावना को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में रुके हुए पानी को हटाने के साथ ही मच्छरों की रोकथाम के लिए व्यापक स्तर पर घर-घर जाकर प्रचार-प्रसार भी किया जा रहा है। जीका वायरस के तहत की जा रही सर्विलांस कार्रवाई में अब तक 35 हजार से अधिक घरों का सर्वे किया जा चुका है। स्वास्थ्य दलों द्वारा मच्छरों की रोकथाम के लिए उनके प्रजनन संभावित स्थानों को नष्ट किया जा रहा है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे