कर्ज माफ नहीं कर सकते तो किसानों के आगे कटोरा लेके खड़े हो जाएं मोदी : जयहिंद

www.khaskhabar.com | Published : बुधवार, 10 अक्टूबर 2018, 5:43 PM (IST)

चंडीगढ़। आम आदमी पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष नवीन जयहिंद ने बुधवार को प्रधानमंत्री मोदी की रैली को विफल बताते हुए कहा कि मोदी सरकार किसान विरोधी है। अगर मोदी सरकार किसानों का कर्ज माफ नहीं कर सकते तो कटोरा लेलें, मंत्री, किसान ही भीख दे देंगे। मोदी सरकार ने किसानों को सिर्फ लूटने का काम किया है। फसल बीमा के नाम पर किसानों की खून-पसीने की कमाई को लूटा जा रहा है।
जयहिंद ने कहा कि रैली में भाजपा पुलिस कर्मियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं व नर्सों की मदद से मुश्किल से भीड़ जुटा पाई है। इस रैली की विफलता से स्पष्ट है कि हरियाणा वासियों ने मोदी को ठेंगा दिखा दिया है। एक बार भी मोदी–मोदी का नारा नहीं लगा। सभी मंत्रियों व नेताओं के चेहरे पर हड़बड़ाहट साफ झलक रही थी।
जयहिंद ने कहा कि भाजपा ने एक बार फिर से हरियाणा को जातिवाद के आधार पर बांट दिया है। हरियाणा की सरकार अंग्रेजों की ‘फूट डालो, राज करो’ की नीति अपनाते हुए हरियाणा में जातिवाद का जहर घोलने के लिए कोई भी मौका नहीं छोड़ना चाहती है। जयहिंद ने कहा कि दीनबंधु छोटूराम किसानों के मसीहा थे, किसी विशेष जाति के नहीं, लेकिन भाजपा सरकार देश के महापुरुष के नाम पर भी जातिवाद की गंदी राजनीति कर रही है।
जयहिंद ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी दीनबंधु छोटूराम जी की प्रतिमा का अनावरण तो कर गए, लेकिन किसानों के लिए कोई नई घोषणा नहीं कर पाए। प्रदेश की जनता को उम्मीद थी कि वे किसानों के हित में कोई घोषणा करेंगे, लेकिन हर बार की तरह इस बार भी उनके भाषण में सिर्फ जुमले ही थे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे