संबंध बनाने से मना किया तो दो अलग-अलग घटनाओं में कर दी महिला की हत्या

www.khaskhabar.com | Published : सोमवार, 08 अक्टूबर 2018, 6:08 PM (IST)

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शाहदरा के विवेक विहार इलाके में एक गार्ड के महिला की हत्या का मामला सामने आया है। यहां एक खाली घर के पास 42 साल की महिला का शव मिला था। यह घटना 6 अक्टूबर को विवेक विहार इलाके की है। मृतका की पहचान गाजियाबाद निवासी के तौर पर हुई थी।

पुलिस ने आरोपी 40 वर्षीय गार्ड को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि महिला ने आरोपी और उसके दोस्त के साथ शारीरिक संबंध बनाने से इनकार किया था। इससे आगबबूला होकर गार्ड ने महिला की कथित रूप से हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार गार्ड का नाम सुशील है। वो उत्तर प्रदेश के बिजनौर का रहने वाला है। पुलिस उपायुक्त (शाहदरा) मेघना यादव ने बताया कि पूछताछ में सुशील ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।

उसने पुलिस को बताया कि उसने अपने एक दोस्त के साथ मिलकर महिला की इसलिए हत्या कर दी क्योंकि उसने उन दोनों के साथ शारीरिक संबंध बनाने पर आपत्ति जताई थी। पुलिस ने कहा कि अन्य आरोपी को पकडऩे के लिए एक टीम भेजी गई है। बताया जा रहा है कि जिस घर में सुशील गार्ड था उसका मालिक वहां नहीं रहता है। उसने घर की देखभाल के लिए सिर्फ चौकीदार रखा हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी सुशील घर में अनैतिक गतिविधियों में शामिल रहता था।

पत्नी
का सेक्स करने से इंकार, पति ने की हत्या...
वहीं एक ऐसी ही अन्य घटना तमिलनाडु में सामने आई है। खबरों के मुताबिक, थीरूवेरुम्बुर जिले के तिर्ची टाउन में एक पति ने पत्नी की हत्या सिर्फ इसलिए कर दी क्योंकि उसने सेक्स करने से इंकार कर दिया। घटना रविवार की है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसकी पहचान 34 वर्षीय डी संकर सागयाराज के रूप में की है। बाद में संकर को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

वहीं, मृतका की पहचान 26 वर्षीय जेसिंथा जोसबिन के तौर पर हुई है। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, जेसिंथा जोसबिन और डी संकर सागयाराज ने इसी साल जनवरी में शादी की थी। शादी के कुछ हफ्तों के अंदर ही दोनों के बीच लड़ाई-झगड़ा शुरू हो गया। सागयाराज का कभी-कभार काम पर जाना झगड़े का एक प्रमुख कारण था।

रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी ने कुछ महीने पहले जेसिंथा के सोने के गहनों को उसकी मर्जी के बगैर गिरवी रख दिया था जिसके बाद विवाद और बढ़ गया। पति के व्यवहार से परेशान जेसिंथा दो महीने पहले थंजावुर जिले में अपने मां-बाप के यहां चली गई थी।

लेकिन 30 सितंबर को सागयाराज और उसके मां-बाप जेसिंथा को मनाने और घर वापस लाने गए। अपनी ससुराल वापस आने के बाद जेसिंथा का पति से दोबारा झगड़ा हुआ। झगड़े के बाद जेसिंथा ने पति से सेक्स करने से मना कर दिया। पत्नी के इनकार से सागयाराज खफा हो गया। इसके बाद उसने गहरी नींद में सो रही जेसिंथा का गला दबाने की कोशिश की और फिर उसका गला काट डाला।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे