विदेश में भी धोखाधड़ी कर रहे है नीरव मोदी, करोड़ों में बेची नकली अंगुठियां

www.khaskhabar.com | Published : रविवार, 07 अक्टूबर 2018, 10:03 PM (IST)

नई दिल्ली। भारतीय बैंक के साथ घोटाला कर देश छोडक़र भागे नीरव मोदी विदेशों में भी लोगों के साथ धोखाधड़ी कर रहे हैं। हाल ही में एक ऐसा मामला सामने आया है जिसमें नीरव मोदी ने कैनेडियन मूल के एक व्यक्ति को नकली हीरे की अंगूठियां बेच दी।

दरअसल, कैनेडियन मूल के 36 वर्षीय पॉल अल्फॉन्सो ने भगोड़े भारतीय कारोबारी नीरव मोदी पर आरोप लगाया है कि नीरव ने उनको 2 लाख डॉलर (करीब 1.5 करोड़ रुपए) की कीमत वाली नकली हीरे की अंगूठियां बेच दी। पॉल ने ये अंगूठियां अपनी मंगेतर के लिए खरीदी थीं।

‘साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट’ की एक रिपोर्ट के मुताबिक पॉल का कहना है कि वो कई बार नीरव मोदी से मिले थे और उनकी मुलाकातें दोस्ती में बदल गईं। इस दौरान नीरव ने उनको अपने बारे में सब कुछ बताया। जिसके कारण पॉल नीरव पर भरोसा करने लगे। वहीं जब पॉल को पता चला की नीरव एक हीरा कारोबारी हैं तो उन्होंने उनको अपनी मंगेतर के लिए बेहतरीन अंगूठी बनाने के बारे में बात की।

इसके बाद नीरव ने पॉल को अपने झांसे में ले लिया और पॉल को कहा कि उनके यहां बनने वाली अंगूठियों दुनिया की सबसे बेशकीमती अंगूठियों में शामिल हैं। वहीं नीरव ने पॉल को अंगूठियों के असली होने का सर्टिफिकेट देने की बात भी कही। पॉल के मुताबिक उन्होंने जो पहली अंगूठी खरीदी वो 3.2 कैरेट की थी और उसकी कीमत करीब एक लाख बीस हजार डॉलर थी। इसके बाद उन्हें एक और 2.5 कैरेट की अंगूठी खरीदने की पेशकश नीरव ने की। जिसकी कीमत 80 हजार डॉलर थी।

पुलिस से की शिकायत...
इसके बाद पॉल ने अंगूठियां का भुगतान तो कर दिया लेकिन उन्हें इनका किसी तरह का कोई सर्टिफिकेट नहीं मिला। जिसके बाद पॉल ने नीरव को कई मेल किए लेकिन उन मेल का किसी तरह का कोई रिप्लाई नहीं आया। वहीं जब पॉल ने इन अंगूठियों की जांच करवाई तो ये नकली पाई गई। इस बारे में पता चलते ही पॉल ने नीरव की शिकायत न्यूयार्क पुलिस से की। साथ ही उन्होंने नीरव मोदी के खिलाफ कैलीफोर्निया की अदालत में 4.2 लाख डॉलर का मुकदमा भी दायर किया है, जिसकी सुनवाई अगले साल 11 जनवरी को होगी। बता दें कि नीरव मोदी और मेहुल चौकसी पर पीएनबी के साथ 11300 करोड़ रुपए के घोटाले का आरोप है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे