महात्मा गांधी को सर्वोच्च नागरिक सम्मान के लिए अमेरिकी संसद में रखा प्रस्ताव

www.khaskhabar.com | Published : मंगलवार, 02 अक्टूबर 2018, 10:43 PM (IST)

वॉशिंगटन। शांति एवं अहिंसा के क्षेत्र में गांधी के योगदान को मद्देनजर रखते हुए महात्मा गांधी को सर्वोच्च नागरिक सम्मान से नवाजे जाने की मांग अमेरिकी संसद में उठाई गई है। भारतीय मूल के चार अमेरिकी सांसद सहित छह अमेरिकी सांसदों ने यह प्रस्ताव पेश किया है। इस संबंध में महात्मा गांधी को मरणोपरांत प्रतिष्ठित ‘कांग्रेसनल गोल्ड मेडल’ से सम्मानित करने के लिए प्रतिनिधि सभा में प्रस्ताव पेश किया है। अमेरिकी संसद की ओर से दिया जाने वाला यह सर्वोच्च असैन्य सम्मान है। खास बात यह है कि अमेरिका के इस सम्मान से अब तक बहुत कम संख्या में विदेशियों को नवाजा गया है।

सांसद कैरोलिन मलोनी ने 23 सितंबर को भारतीय मूल के चार अमेरिकी सांसदों (एमी बेरा, राजा कृष्णमूर्ति, रो खन्ना और प्रमीला जयपाल) की तरफ से सह-प्रायोजित प्रस्ताव संख्या एचआर6916 प्रतिनिधि सभा में पेश किया। भारत एवं भारतीय-अमेरिकियों पर संसदीय कॉकस की मौजूदा सह-अध्यक्ष तुलसी गबार्ड भी इस प्रस्ताव की सह-प्रायोजक हैं। प्रस्ताव वित्तीय सेवाओं पर समिति और सदन की प्रशासन समिति को भेजा गया है, ताकि जरूरी कार्रवाई की जा सके।
अगस्त में न्यूयॉर्क में हुई लोकप्रिय ‘इंडिया डे परेड’ के दौरान मलोनी की ओर से इस प्रस्ताव के बाबत घोषणा की गई थी।





ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

उन्होंने कहा था कि महात्मा गांधी के अहिंसक प्रतिरोध के ऐतिहासिक सत्याग्रह आंदोलन ने एक देश और पूरे विश्व को प्रेरित किया। उनका उदाहरण हमें इस ऊर्जा से भर देता है कि हम दूसरों की सेवा में खुद को समर्पित करें।

अब तक इन्हें दिया गया यह सम्मान


ये भी पढ़ें - आपके हाथ में पैसा नहीं रूकता, तो इसे जरूर पढ़े

विदेशियों द्वारा हासिल किए गए इस सम्मान की फेहरिस्त में मदर टेरेसा (1997), नेल्सन मंडेला (1998), पोप जॉन पॉल-द्वितीय (2000), दलाई लामा (2006), आंग सान सू की (2008), मोहम्मद यूनुस (2010) और शिमोन पेरेज (2014) का नाम शामिल है।


ये भी पढ़ें - यहां मुस्लिम है देवी मां का पुजारी, मां की अप्रसन्नता पर पानी हो जाता है लाल