सीएम राजे नेे राजस्थान को कर्ज में डुबोया - गहलोत

www.khaskhabar.com | Published : मंगलवार, 25 सितम्बर 2018, 6:58 PM (IST)

जयपुर । पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अशोक गहलोत ने कहा है कि मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे बार-बार कांग्रेस सरकार पर ऋणभार बढ़ाकर खजाना खाली छोड़ने का झूठा और बेबुनियाद आरोप लगा रही है, जबकि वास्तविकता यह है कि उन्होंने खुद राजस्थान को कर्ज में डुबो दिया है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के समय राज्य पर वर्ष 2012-13 में 1,17,809 करोड़ रुपये का कर्ज भार था, आज उससे दोगुने से भी अधिक कर्ज राज्य की जनता पर डाल दिया गया है। वर्ष 2018-19 के बजट अनुमानों के अनुसार राज्य पर ऋण भार उदय योजना सहित 3,08,033 करोड़ रुपये माना जा रहा है।
गहलोत ने कहा कि मुख्यमंत्री का यह कहना कि कांग्रेस सरकार ने राज्य का खजाना खाली कर दिया, जो असत्य और भ्रामक है। हकीकत में कांग्रेस सरकार ने वर्ष 2012-13 में 3451 करोड़ रूपये का राजस्व अधिशेष छोड़ा था जबकि वर्ष 2018-19 के बजट अनुमानों के अनुसार भाजपा सरकार का उदय योजना सहित 17454 करोड़ रुपये का राजस्व घाटा है।
उन्होंने कहा कि कुशल वित्तीय प्रबन्धन से पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के समय राज्य सरकार के राजकोषीय घाटे को एफआरबीएम अधिनियम के तहत निर्धारित जीएसडीपी के 3 प्रतिशत की सीमा के अंदर ही नियंत्रित रखा गया था। वित्तीय कुप्रबन्धन के कारण राज्य के राजकोषीय घाटे को नियंत्रित रखने में भी राजे सरकार विफल रही है। वर्ष 2016-17 के अंत तक राजकोषीय घाटा जीएसडीपी का 3.19 प्रतिशत रहा जो निर्धारित सीमा से अधिक है।
गहलोत ने कहा कि मुख्यमंत्री राजे के कार्यकाल में राज्य पर कर्ज की लगातार बढ़ोतरी हुई है। उन्हें झूठी उपलब्धियों का ढिंढ़ोरा पीट कर जनता को भ्रमित करने की बजाय वास्तविकता से साक्षात् करना चाहिये। इस बार जनता इनके भ्रम जाल में फंसने वाली नहीं है, जैसा कि पिछली बार हुआ। यात्रा में झूठी गौरव गाथा गाने की बजाय जनता से माफी मांगनी चाहिए। चुनाव में कांग्रेस पर रेवड़ियां बांटने का आरोप लगाने वाली राजे जो बिना बजट प्रावधान के लोकलुभावन घोषणायें कर रही है, उन्हें पूरा करना अब उनके बस में नहीं है। काठ की हांडी एक बार ही चढ़ती है बार-बार नहीं। जनता उनकी विदाई तय कर चुकी है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे