धानक्या में 26 सितंबर को होगा भाजपा का ‘बूथ कार्यकर्ता संभाग सम्मेलन’

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 21 सितम्बर 2018, 7:17 PM (IST)

जयपुर। भाजपा का ‘बूथ कार्यकर्ता संभाग सम्मेलन’ 26 सितंबर को धानक्या में आयोजित होगा। शहर भाजपा के महामंत्री राजकुमार रोहिल्ला ने बताया कि 26 सितंबर को जयपुर जिले के धानक्या ग्राम में पं. दीनदयाल उपाध्यायजी के स्मारक का लोकार्पण पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, प्रदेश की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे एवं भाजपा के राष्ट्रीय नेताओं की उपस्थिति में होगा। इस समारोह के अवसर पर ग्राम धानक्या के ‘बूथ कार्यकर्ता संभाग सम्मेलन’ का भी आयोजन होगा। इसमें जयपुर, दौसा, अलवर जिले के बूथ स्तर तक के कार्यकर्ता शामिल होंगे।
लोकार्पण समारोह व ‘बूथ कार्यकर्ता संभाग सम्मेलन’ की तैयारियों के लिए पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष मदनलाल सैनी की अध्यक्षता में शुक्रवार को पार्टी कार्यालय पर बैठक हुई। बैठक को पार्टी के राष्ट्रीय सह-संगठन मंत्री वी सतीश ने संबोधित किया। बैठक में पार्टी के शहर के पदाधिकारी, सांसद, विधायक एवं मोर्चा के अध्यक्ष उपस्थित रहे।
बैठक में तय किया गया कि 26 सितंबर को सभी विधानसभा क्षेत्रों से बूथ स्तर से लेकर ऊपर तक के सभी कार्यकर्ता बड़ी संख्या में धानक्या पहुचेंगे। इसके लिए मंडल स्तर पर बैठकें कर तैयारी शुरू कर दी गई है। बैठक के अंत में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने सागवाड़ा में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ दिए गए ओछे वक्तव्य की भर्त्सना की।
रोहिल्ला ने बताया कि राहुल गांधी का यह बयान बौखलाहट भरा व ओछी राजनीति का प्रतीक है। उन्होंने राजस्थान की गौरवशाली, लोकतांत्रिक परंपराओं का अपमान किया। उनके इस ओछे वक्तव्यों का राजस्थान की जनता आने वाले चुनाव में मतों से जवाब देगी।


ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे