आज जदयू में शामिल हो सकते है चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर

www.khaskhabar.com | Published : रविवार, 16 सितम्बर 2018, 09:07 AM (IST)

पटना। चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर आज जनता दल (यूनाइटेड)पार्टी में शामिल हो सकते है। आपको बता दें कि पिछले एक महीने के दौरान पीके दो बार जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात कर चुके है।

इससे पहले प्रशांत किशोर के संबंध में यह भी कयास लगाया जा रहा थे कि वह दोबारा नरेंद्र मोदी के लिए काम करेंगे। इसी बीच उनकी जदयू की बैठक में मौजूदगी ने राजनीतिक हलके में अटकलबाजी आरंभ कर दी है। जदयू के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि पिछली बार जब प्रशांत किशोर ने पार्टी के लिए काम किया था, तब हमारा संगठन बहुत सुदृढ़ नहीं था। आज स्थिति दूसरी है। हमारे 40 लाख से अधिक प्रारंभिक सदस्य हैं और हर बूथ पर हमारे कार्यकर्ता सक्रिय हैं। पिछली बार उन्होंने चुनावी प्रचार का काम-काज देखा था। इधर सूत्रों ने बताया कि प्रशांत किशोर विपक्षी दलों, विशेषकर कांग्रेस के खिलाफ रणनीति बनाने में जदयू नेतृत्व की मदद कर सकते हैं।
आपको बता दें कि प्रशांत किशोर ने 2012 में नरेंद्र मोदी की चुनावी रणनीति बनाई। फिर 2014 लोकसभा चुनाव में उन्होंने नरेंद्र मोदी के लिए मुख्य रूप से पांच अभियान चलाए। इनमें युवाओं के बीच मंथन, सरदार पटेल के नाम पर स्टैच्यू आफ लिबर्टी, चाय पे चर्चा, 3डी रैली और भारत विजय रैली शामिल थी। लेकिन फिर वह भाजपा से अलग हो गए और 2015 विधानसभा चुनाव में नीतीश कुमार के लिए चुनावी रणनीति बनाने की जिम्मेदारी संभाली।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे